Mumbai में चलती ऑटो से वकील का बैग छीनने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, 14 केस थे दर्ज

Maharashtra/Mumbai: मुंबई की BKC पुलिस ने एक ऐसे शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है जिसने चलती ऑटो रिक्शा से एक वकील का बैग छीन लिया था। यह घटना 31 जुलाई की है जब बॉम्बे हाई कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाली वकील मेघा शर्मा कु

Maharashtra/Mumbai: मुंबई की BKC पुलिस ने एक ऐसे शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है जिसने चलती ऑटो रिक्शा से एक वकील का बैग छीन लिया था। यह घटना 31 जुलाई की है जब बॉम्बे हाई कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाली वकील मेघा शर्मा कुर्ला से मालाड अपने घर जा रही थीं। पुलिस ने सोमवार रात आरोपी को धर दबोचा।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का नाम इलियास खान है, जिसकी उम्र 22 साल है। इलियास एक हिस्ट्री-शीटर है और साल 2022 से अंधेरी और बांद्रा इलाकों में चोरी और लूट के 14 से ज्यादा मामले उसके खिलाफ दर्ज हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि जमानत पर छूटने के महज एक महीने बाद उसने फिर से इस वारदात को अंजाम दिया।

घटना के समय आरोपी इलियास अपने दोस्त की बाइक पर था। उसने बांद्रा ईस्ट के हंसभुगा जंक्शन के पास चलती ऑटो के बराबर चलते हुए वकील का बैग छीन लिया। DCP (वेस्ट ज़ोन-3) निमित गोयल की निगरानी में पुलिस टीम ने इस मामले की जांच की। पुलिस ने BKC से बांद्रा तक के कई CCTV फुटेज खंगाले, जिसके बाद आरोपी की पहचान हुई और उसे पकड़ा गया।

पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी किया हुआ बैग बरामद कर लिया है। इस बैग में मेघा शर्मा का पैन कार्ड, आधार कार्ड, कुछ कैश और करीब 7,000 रुपये के ब्यूटी प्रोडक्ट्स थे।