Chhattisgarh में सड़क हादसे में मुंबई की महिला बाइकर की मौत, ट्रेलर ट्रक से टकराई मोटरसाइकिल

Chhattisgarh/Dhamtari: मुंबई की रहने वाली 24 साल की रिद्धि ठक्कर की छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक सड़क हादसे में मौत हो गई। बुधवार सुबह नेशनल हाईवे-30 पर मरकाटोला घाट के पास उनकी मोटरसाइकिल एक ट्रेलर ट्रक से टकरा गई थी।

Chhattisgarh/Dhamtari: मुंबई की रहने वाली 24 साल की रिद्धि ठक्कर की छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक सड़क हादसे में मौत हो गई। बुधवार सुबह नेशनल हाईवे-30 पर मरकाटोला घाट के पास उनकी मोटरसाइकिल एक ट्रेलर ट्रक से टकरा गई थी। रिद्धि अपनी टीम के साथ बस्तर क्षेत्र की यात्रा पर निकली थीं, लेकिन इस हादसे ने उनकी जान ले ली।

जानकारी के मुताबिक, रिद्धि मुंबई के कांदिवली या बोरीवली वेस्ट की निवासी थीं और बजाज एवेंजर मोटरसाइकिल चला रही थीं। वह करीब 20 से 23 मोटरसाइकिल सवारों के एक ग्रुप के साथ टूर पर थीं, जिसमें महाराष्ट्र और अन्य राज्यों के राइडर्स शामिल थे। हादसा बुधवार सुबह करीब 6:00 बजे हुआ। टक्कर के बाद साथी राइडर्स ने तुरंत ‘डायल 112’ पर फोन किया। रिद्धि को पहले चारामा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया और फिर धमतरी के श्रीराम अस्पताल भेजा गया, जहां सुबह 8:30 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने इस मामले में अप्राकृतिक मृत्यु का केस दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद ट्रेलर ट्रक का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। बालोद एसपी किरण चव्हाण और धमतरी के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भानु प्रताप चंद्राकर ने बताया कि फरार ड्राइवर और अज्ञात भारी वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और साथ ही रिद्धि के साथी राइडर्स के बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि हादसे की सही वजह पता चल सके। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सुपुर्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।