Mumbai के Atal Setu पर बाइक चलाने वाला शख्स वायरल, पुलिस ने दर्ज की FIR
Maharashtra: मुंबई के अटल सेतु (MTHL) पर एक बाइकर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसके बाद पुलिस ने एक्शन लिया है। इस वीडियो में एक मोटरसाइकिल सवार और उसके पीछे बैठा व्यक्ति तेज रफ्तार में पुल पर दौड़ते नजर आ रहे
Maharashtra: मुंबई के अटल सेतु (MTHL) पर एक बाइकर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसके बाद पुलिस ने एक्शन लिया है। इस वीडियो में एक मोटरसाइकिल सवार और उसके पीछे बैठा व्यक्ति तेज रफ्तार में पुल पर दौड़ते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि बाइकर बिना हेलमेट के गलत दिशा में गाड़ी चला रहा था। बताया जा रहा है कि यह जोड़ी 100 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा की रफ्तार से बाइक दौड़ा रही थी। वीडियो में यह भी नजर आया कि पीछे बैठे शख्स ने जानबूझकर बाइक की नंबर प्लेट को छिपा रखा था, ताकि उनकी पहचान न हो सके। पुलिस ने उस व्यक्ति से संपर्क किया जिसने यह वीडियो ऑनलाइन पोस्ट किया था। उसने बताया कि बाइक की आगे वाली नंबर प्लेट टूटी हुई थी और पीछे वाली को ढका गया था।
पुलिस ने शुरुआती जांच में नवी मुंबई की तरफ वाले टोल प्लाजा को चेक किया, लेकिन वहां से बाइक बाहर निकलते नहीं दिखी। अब पुलिस को शक है कि बाइकर मुंबई की तरफ से वापस लौट गया होगा। पुलिस अब सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि बाइक आखिर पुल पर चढ़ी कहां से थी।
आपको बता दें कि अटल सेतु पर टू-व्हीलर, ऑटो, ट्रैक्टर और धीमी रफ्तार वाले वाहनों का जाना पूरी तरह मना है। यहां चार पहिया वाहनों के लिए अधिकतम स्पीड लिमिट 100 किमी प्रति घंटा है, जबकि चढ़ाई और उतराई वाले हिस्सों में इसे 40 किमी प्रति घंटा रखा गया है। इस पुल के शुरुआती 10.4 किलोमीटर हिस्से की जिम्मेदारी मुंबई पुलिस की है और बाकी हिस्सा नवी मुंबई पुलिस के अंडर आता है। मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने पहले भी चेतावनी दी थी कि पुल पर फोटो या सेल्फी लेने के लिए रुकना गैरकानूनी है और ऐसा करने पर FIR दर्ज की जाएगी।