MP-Rajasthan सीमा पर रेल हादसा, आग की अफवाह के बाद ट्रेन से उतरे यात्री, 4 की मौत
MP/Morena: मध्य प्रदेश के मुरैना और राजस्थान के धौलपुर के बीच रविवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह के बाद यात्रियों ने घबराहट में चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी और पटरी पर उतर गए, ज
MP/Morena: मध्य प्रदेश के मुरैना और राजस्थान के धौलपुर के बीच रविवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह के बाद यात्रियों ने घबराहट में चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी और पटरी पर उतर गए, जहां दूसरी ट्रेन की चपेट में आने से तीन महिलाओं और एक बच्चे की जान चली गई।
घटना रविवार 14 जून 2026 की शाम करीब 4:00 से 4:15 बजे के बीच की है। उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 19665) जब हेतमपुर स्टेशन के पास पहुंची, तो एक यात्री के मोबाइल फोन से धुआं निकलने या गर्म होने की वजह से ट्रेन में आग लगने की अफवाह फैल गई। इस अफवाह से यात्री बुरी तरह डर गए और अपनी जान बचाने के लिए उन्होंने अलार्म चेन पुलिंग (ACP) कर ट्रेन रोक दी।
ट्रेन रुकते ही कई यात्री घबराहट में नीचे उतरकर रेलवे लाइन पर चले गए। इसी दौरान आगरा की तरफ से आ रही फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 20424) वहां पहुंची और पटरी पर मौजूद यात्रियों को कुचल दिया।
| मृतकों का विवरण | उम्र | पता |
|---|---|---|
| आफरीन | 35 वर्ष | आगरा |
| असद खान (बेटा) | 4 वर्ष | आगरा |
| शकुंतला | 60 वर्ष | रुनकता, आगरा |
| विरमा देवी | 60 वर्ष | बीकानेर, राजस्थान |
झांसी रेल मंडल के पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने हादसे की पुष्टि की है। सरायछौला थाना प्रभारी के.के. सिंह के मुताबिक, मौके से चार शव बरामद किए गए हैं। रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुटी हैं। रेलवे अब इस बात की जांच कर रहा है कि आग की यह अफवाह किसी गलतफहमी से फैली थी या इसे जानबूझकर फैलाया गया था।