Delhi मैंगो फेस्टिवल में MP के ‘नूरजहां’ आम का जलवा, मिला बिगेस्ट मैंगो अवॉर्ड
Delhi/Alirajpur: नई दिल्ली के जनकपुरी हाट में आयोजित मैंगो फेस्टिवल-2026 में मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले का नाम रोशन हुआ है। यहाँ के कट्ठीवाड़ा इलाके के ‘नूरजहां’ आम को ‘बिगेस्ट मैंगो 2026’ अवॉर
Delhi/Alirajpur: नई दिल्ली के जनकपुरी हाट में आयोजित मैंगो फेस्टिवल-2026 में मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले का नाम रोशन हुआ है। यहाँ के कट्ठीवाड़ा इलाके के ‘नूरजहां’ आम को ‘बिगेस्ट मैंगो 2026’ अवॉर्ड से नवाजा गया है। यह उपलब्धि न केवल कट्ठीवाड़ा बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
दिल्ली पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित इस 35वें वार्षिक आम महोत्सव का आयोजन 3 जुलाई से 5 जुलाई 2026 तक किया गया था। 5 जुलाई को जब पुरस्कार दिए गए, तब नूरजहां आम को उसके विशाल आकार और गुणवत्ता के लिए देश का सिरमौर घोषित किया गया। इस आयोजन में दिल्ली पर्यटन और परिवहन विकास निगम (DTTDC) के साथ APEDA और राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड जैसी संस्थाओं ने सहयोग किया।
महोत्सव का उद्घाटन करते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आम को भारतीय संस्कृति का एक भावनात्मक प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को भारत की विरासत से जोड़ते हैं और ‘मैंगो डिप्लोमेसी’ के जरिए भारत के विदेशी संबंधों को मजबूती मिलती है। वहीं पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि देशभर के आम उत्पादकों ने इसमें हिस्सा लिया, जिससे लोगों को अलग-अलग किस्मों के स्वाद और उनकी खेती की तकनीक जानने का मौका मिला।
इस मौके पर ICAR-CISH के प्रधान वैज्ञानिक मनीष मिश्रा ने बेहतर क्वालिटी के आम तैयार करने के लिए क्रॉस-ब्रीडिंग के प्रयासों की जानकारी दी। कार्यक्रम में पूसा संस्थान और लखनऊ के केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान जैसे बड़े कृषि केंद्रों के विशेषज्ञ भी शामिल हुए।
गौरतलब है कि आलीराजपुर के किसान युवराज सिंह राठौर की प्रीमियम आम किस्में पहले भी चर्चा में रही हैं। हाल ही में लखनऊ के मैंगो फेस्टिवल में भी उन्होंने नूरजहां समेत अपनी किस्मों के लिए सात प्रथम पुरस्कार जीते थे। नूरजहां आम अपने भारी वजन (5 किलोग्राम तक) और प्रीमियम कीमत के लिए जाना जाता है, जिसे 1999 और 2010 में भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली थी।