Maharashtra के Raigad में बाढ़ का कहर, नदी में तैरते दिखे 3,000 गैस सिलेंडर
Maharashtra/Raigad: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में भारी बारिश ने भारी तबाही मचाई है। यहाँ HPCL के पातालगंगा LPG बॉटलिंग प्लांट में बाढ़ का पानी घुसने से करीब 3,000 गैस सिलेंडर बह गए। ये सिलेंडर पातालगंगा नदी और खरपाड़ा क्
Maharashtra/Raigad: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में भारी बारिश ने भारी तबाही मचाई है। यहाँ HPCL के पातालगंगा LPG बॉटलिंग प्लांट में बाढ़ का पानी घुसने से करीब 3,000 गैस सिलेंडर बह गए। ये सिलेंडर पातालगंगा नदी और खरपाड़ा क्रीक में तैरते हुए देखे गए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक, मूसलाधार बारिश की वजह से प्लांट की सुरक्षा दीवार ढह गई थी। इस वजह से बाढ़ का पानी सीधे प्लांट के अंदर घुस गया और वहां रखे हजारों सिलेंडर पानी के तेज बहाव में बह निकले। पुल पर खड़े लोग इन सिलेंडरों को नदी में तैरते देख हैरान रह गए और कई लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया।
इस खतरे को देखते हुए रायगढ़ कलेक्टर किशन जावले ने आम जनता के लिए जरूरी चेतावनी जारी की है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि नदी या किनारों पर मिलने वाले किसी भी गैस सिलेंडर को न छुएं और न ही उन्हें इकट्ठा करने या इस्तेमाल करने की कोशिश करें। प्रशासन का कहना है कि यह पता नहीं है कि इन सिलेंडरों में गैस कितनी है या वे सुरक्षित हैं या नहीं, इसलिए इन्हें छूना जानलेवा हो सकता है।
कलेक्टर ने निर्देश दिया है कि अगर किसी को ऐसा सिलेंडर मिले, तो उसकी जानकारी तुरंत अधिकारियों को दें। लोग इन सिलेंडरों को HPCL बॉटलिंग प्लांट, नजदीकी HPCL डीलर, खालापुर तहसीलदार ऑफिस, स्थानीय तहसीलदार ऑफिस या पेन के एसडीओ (SDO) ऑफिस में जमा करा सकते हैं। प्रशासन ने सख्त हिदायत दी है कि इन सिलेंडरों को घर में न रखें।
बता दें कि IMD ने रायगढ़ जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया था और कोंकण-गोवा क्षेत्र में फ्लैश फ्लड यानी अचानक बाढ़ आने का खतरा जताया था। पिछले एक हफ्ते से महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है, जिससे मुंबई-गोवा हाईवे समेत कई रास्तों पर पानी भर गया था। फिलहाल प्रशासन लापता सिलेंडरों को खोजने और उन्हें सुरक्षित निकालने के काम में जुटा है।