Lucknow में महिलाओं से सरेराह जेवरात लूटे, महिगवां और इटौंजा में हुई वारदात

Lucknow: राजधानी लखनऊ के महिगवां और इटौंजा इलाकों में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। यहां सरेराह दो अलग-अलग घटनाओं में महिलाओं से उनके सोने और चांदी के जेवरात लूट लिए गए। इन वारदातों के बाद इलाके के लोगों में डर का माहौल है

Lucknow: राजधानी लखनऊ के महिगवां और इटौंजा इलाकों में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। यहां सरेराह दो अलग-अलग घटनाओं में महिलाओं से उनके सोने और चांदी के जेवरात लूट लिए गए। इन वारदातों के बाद इलाके के लोगों में डर का माहौल है और पुलिस अब लुटेरों की तलाश में जुटी है।

पहली घटना महिगवां इलाके की है, जहां भवानीपुर की रहने वाली सूरज कुमारी अपने मायके गोधना से ससुराल जा रही थीं। जब वह भगता खेड़ा गांव के पास पहुंचीं, तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने सूरज कुमारी को डराया-धमकाया और उनके कान से सोने का झाला और चांदी की पायल छीनकर फरार हो गए। महिगवां थाना प्रभारी राधेश्याम मौर्य ने बताया कि यह मामला टप्पेबाजी का है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वहीं दूसरी वारदात इटौंजा बाजार में हुई। शिवपुरी की रहने वाली केशन कुमारी अपने पति किशन लाल के साथ बाजार आई थीं। इसी दौरान एक बदमाश ने केशन कुमारी के कान से सोने के टॉप्स लूट लिए। इटौंजा थाना प्रभारी निरीक्षक ने इस मामले को ठगी का बताया है। पुलिस ने दोनों ही मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपियों की पहचान के लिए सबूत जुटाए जा रहे हैं।