Lucknow में युवती से दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपी आकाश जायसवाल को किया गिरफ्तार

Lucknow: राजधानी लखनऊ के बसमंडी इलाके में एक युवती के साथ दुष्कर्म की वारदात सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आकाश जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 26 जुलाई की शाम करीब 5:30 बजे की

Lucknow: राजधानी लखनऊ के बसमंडी इलाके में एक युवती के साथ दुष्कर्म की वारदात सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आकाश जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 26 जुलाई की शाम करीब 5:30 बजे की है जब युवती अपने काम पर जा रही थी।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी आकाश जायसवाल ने युवती का पीछा किया और उसे जबरन एक सुनसान गली में खींच ले गया। वहां उसने युवती का मुंह दबाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसे शारीरिक रूप से चोटें भी पहुंचाईं। इसी दौरान वहां एक दूध बेचने वाला व्यक्ति पहुंचा, जिसने इस घटना को देखा और बीच-बचाव की कोशिश की।

जब दूध विक्रेता ने हस्तक्षेप किया, तो आरोपी ने उसे डराते हुए कहा कि युवती उसकी पत्नी है और उसे वहां से चले जाने की धमकी दी। इसके बाद युवती ने शोर मचाया, जिससे घबराकर आरोपी मौके से फरार हो गया और जाते समय युवती को धमकी भी दी।

इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर मंगलवार को आरोपी आकाश जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। आकाश के खिलाफ अलीगंज और वजीरगंज पुलिस स्टेशनों में चोरी, आर्म्स एक्ट और ड्रग तस्करी जैसे पांच मामले पहले से दर्ज हैं।