Lucknow में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति पर पीट-पीटकर हत्या का आरोप; पुलिस ने किया हिरासत में
Lucknow: राजधानी के ठाकुरगंज इलाके में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका की पहचान आरती के रूप में हुई है, जिसके सिर और नाक से खून निकल रहा था। मायके वालों ने दामाद पर मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लग
Lucknow: राजधानी के ठाकुरगंज इलाके में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका की पहचान आरती के रूप में हुई है, जिसके सिर और नाक से खून निकल रहा था। मायके वालों ने दामाद पर मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है, जिसके बाद अस्पताल परिसर में काफी हंगामा हुआ।
जानकारी के मुताबिक आरती की शादी 8 दिसंबर 2020 को राजा विहार ठाकुरगंज के रहने वाले सूरज उर्फ गोलू राठौर से हुई थी। इस जोड़े के दो बच्चे हैं, जिनमें 4 साल का बेटा शिवांश और 5 महीने की एक बेटी शामिल है। आरोपी सूरज एक सफाईकर्मी के तौर पर काम करता है। आरती के पिता परमेश्वर और बड़ी बहन सुमन का कहना है कि शादी के बाद से ही सूरज अक्सर आरती के साथ मारपीट करता था।
घटना मंगलवार शाम करीब 6 बजे की है, जब सूरज ने फोन पर आरती की तबीयत खराब होने की जानकारी परिजनों को दी। जब मायके वाले लखनऊ पहुंचे, तो उन्हें पहले ट्रॉमा सेंटर और फिर बलरामपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने आरती को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने जब शव देखा तो उसके सिर और नाक से खून निकल रहा था, जिससे उन्हें शक हुआ कि उसकी पीट-पीटकर हत्या की गई है।
हंगामे की सूचना मिलते ही ठाकुरगंज और चौक पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी पति सूरज को हिरासत में ले लिया है। इंस्पेक्टर ठाकुरगंज ओमवीर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम करा लिया गया है और अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिवार की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की पूरी जांच कर रही है।