Lucknow में वेलनेस सिटी योजना: 10 एकड़ से ज्यादा जमीन देने वाले किसानों को ग्रीन कॉरिडोर के पास मिलेंगे प्लॉट

Lucknow: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की वेलनेस सिटी योजना के तहत जमीन देने वाले किसानों के लिए एक बड़ा फैसला लिया गया है। सुल्तानपुर रोड पर बन रही इस योजना में जो किसान लैंड पूलिंग के जरिए 10 एकड़ या उससे ज्यादा जमीन देंग

Lucknow: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की वेलनेस सिटी योजना के तहत जमीन देने वाले किसानों के लिए एक बड़ा फैसला लिया गया है। सुल्तानपुर रोड पर बन रही इस योजना में जो किसान लैंड पूलिंग के जरिए 10 एकड़ या उससे ज्यादा जमीन देंगे, उन्हें ग्रीन कॉरिडोर के पास प्राइम लोकेशन पर भूखंड दिए जाएंगे।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने योजना का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रीन कॉरिडोर के पास की जमीन को इन बड़े भूस्वामियों के लिए रिजर्व रखा जाए। उन्होंने साफ किया कि लैंड पूलिंग नीति के मुताबिक, 10 एकड़ या अधिक जमीन देने वाले किसानों को 50 प्रतिशत विकसित भूखंड आवंटित किए जाएंगे। इन प्लॉटों के आसपास का पूरा विकास कार्य एलडीए खुद करेगा।

इस योजना में बक्कास, मलूकपुर ढकवा, चौरहिया, चौरासी, दुलारमऊ, नूरपुर बेहटा और मस्तेमऊ जैसे गांव शामिल हैं। अब तक लगभग 200 हेक्टेयर जमीन के लिए लैंड पूलिंग के प्रस्ताव मिल चुके हैं। पहले चरण में 125 विकसित प्लॉट बांटे जा चुके हैं और अगले महीने यानी सितंबर 2026 में लॉटरी के जरिए फिर से 200 प्लॉट आवंटित किए जाएंगे।

वेलनेस सिटी को एक ‘मेडि सिटी’ के तौर पर विकसित किया जा रहा है। यहां सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और डायग्नोस्टिक सेंटर के साथ-साथ विपासना और मेडिटेशन सेंटर भी बनाए जाएंगे।

बता दें कि जून 2026 में राज्य सरकार ने गजट नोटिफिकेशन जारी कर आईटी सिटी और वेलनेस सिटी के पहले चरण की जमीनों की खरीद-बिक्री पर रोक लगा दी थी। यह कदम इसलिए उठाया गया ताकि जमीनों की कालाबाजारी न हो और लैंड पूलिंग का लाभ केवल असली भूस्वामियों को ही मिल सके। अब बिना जिला कलेक्टर की अनुमति के कोई भी जमीन का लेन-देन अवैध माना जाएगा।