Lucknow में गर्मी से मिलेगी राहत, बारिश के बाद तापमान गिरा; जल्द दस्तक देगा मॉनसून

Lucknow: लखनऊ के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। पिछले कुछ घंटों में हुई बारिश और ठंडी हवाओं ने भीषण गर्मी के तेवरों को कम कर दिया है। शनिवार रात से शुरू हुई बूंदाबांदी और रविवार सुबह की बारिश ने शहर के तापमान में गिरावट ल

Lucknow: लखनऊ के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। पिछले कुछ घंटों में हुई बारिश और ठंडी हवाओं ने भीषण गर्मी के तेवरों को कम कर दिया है। शनिवार रात से शुरू हुई बूंदाबांदी और रविवार सुबह की बारिश ने शहर के तापमान में गिरावट ला दी है, जिससे लोगों को उमस और लू से काफी राहत मिली है।

मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 2.2 डिग्री गिरकर 39.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी 1.7 डिग्री कम होकर 27.8 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि यह तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक है, लेकिन पिछले दिनों की तुलना में काफी कम है। सोमवार को भी गर्मी में नरमी रहने का अनुमान है, लेकिन अगर बारिश नहीं हुई तो उमस परेशान कर सकती है।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मॉनसून पिछले 16-17 दिनों से महराजगंज के पास रुका हुआ है। उम्मीद है कि अगले दो दिनों में यह उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर जाएगा। 30 जून से प्रदेश में मॉनसून की सक्रियता बढ़ने की संभावना है, जिससे लखनऊ समेत पूरे राज्य में गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिल सकती है। जुलाई की शुरुआत में अच्छी मॉनसूनी बारिश होने के आसार हैं, जिससे तापमान में 8-9 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट आ सकती है।

बीते कुछ दिनों में मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए लू का अलर्ट जारी किया था। अवध और पूर्वांचल के 11 जिलों में भीषण लू का ऑरेंज अलर्ट भी घोषित किया गया था। शनिवार को प्रयागराज प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। फिलहाल सोमवार रात से मंगलवार के बीच लखनऊ में छिटपुट बारिश होने की उम्मीद है, जिससे लू चलने की कोई संभावना नहीं रहेगी।