Lucknow में उमस और गर्मी से लोग परेशान, आज हो सकती है बारिश; इस सीजन 32% कम हुई बरसात

Lucknow: राजधानी लखनऊ में इन दिनों मौसम के मिजाज ने लोगों को परेशान कर रखा है। सुबह से ही तेज धूप निकली हुई है और पारा सामान्य से ऊपर बना हुआ है। हवा में नमी ज्यादा होने की वजह से उमस काफी बढ़ गई है, जिससे आम जनता को काफ

Lucknow: राजधानी लखनऊ में इन दिनों मौसम के मिजाज ने लोगों को परेशान कर रखा है। सुबह से ही तेज धूप निकली हुई है और पारा सामान्य से ऊपर बना हुआ है। हवा में नमी ज्यादा होने की वजह से उमस काफी बढ़ गई है, जिससे आम जनता को काफी दिक्कत हो रही है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 3 डिग्री ज्यादा था। रात का तापमान भी 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक है। हवा में नमी का स्तर 89% तक पहुंचने के कारण लोगों को काफी ज्यादा चिपचिपाहट और गर्मी महसूस हुई।

बारिश की बात करें तो इस मानसून सीजन में लखनऊ में अब तक सामान्य की तुलना में 32% कम बारिश हुई है। 1 जून से अब तक यहां कुल 271.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। हालांकि, IMD के मुताबिक आज 13 अगस्त को दिन में गरज के साथ छिटपुट बारिश की 65% और रात में 40% संभावना है।

लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार ने बताया कि 14 अगस्त से मौसम में बदलाव आने की उम्मीद है। इससे बारिश होगी और तापमान कम होने से लोगों को उमस से राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने आज उत्तर प्रदेश के लगभग 50 जिलों में बारिश का अनुमान लगाया है, जिनमें से 11 जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

अगले कुछ दिनों का अनुमान है कि 14 से 18 अगस्त तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में व्यापक रूप से बारिश होगी। मानसूनी ट्रफ लाइन के वापस लौटने से आने वाले दो से तीन दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।