Lucknow में भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट, 50 kmph की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
Lucknow: राजधानी लखनऊ में बुधवार दोपहर बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। मौसम विभाग ने शहर के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे
Lucknow: राजधानी लखनऊ में बुधवार दोपहर बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। मौसम विभाग ने शहर के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और सावधानी बरतें।
Indian Meteorological Department (IMD) और मौसम केंद्र लखनऊ के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण मानसून अब काफी सक्रिय हो गया है। यह सिस्टम अब दक्षिणी झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ के आसपास केंद्रित है, जिससे उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना बढ़ गई है। लखनऊ में 8 जुलाई को रुक-रुक कर बारिश होगी, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। शहर का अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25-28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है, जबकि अवध और पूर्वांचल के इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। हवा की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जो कुछ जिलों में और भी ज्यादा हो सकती है। IMD ने राज्य के करीब 68 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।
अंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि तेज हवा और बारिश के दौरान घरों के अंदर रहें। बिजली कड़कने के समय पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों। मौसम की सटीक जानकारी के लिए IMD के MAUSAM App, किसानों के लिए Meghdoot App और बिजली गिरने की चेतावनी के लिए Damini App का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
प्रदेश के अन्य हिस्सों की बात करें तो पिछले 24 घंटों में ललितपुर में 69mm, प्रयागराज में 58mm, मिर्जापुर में 50mm और सोनभद्र में 31mm बारिश दर्ज की गई है। यह बारिश 12 जुलाई तक उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में जारी रहने के आसार हैं।