Lucknow में ट्रैक्टर-ट्रॉली ने डिलीवरी ब्वॉय को रौंदा, 21 वर्षीय नितिन की दर्दनाक मौत
Lucknow: राजधानी के रायबरेली रोड स्थित वृंदावन कॉलोनी में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां ईंट लदी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने 21 साल के डिलीवरी ब्वॉय नितिन चौरसिया को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ह
Lucknow: राजधानी के रायबरेली रोड स्थित वृंदावन कॉलोनी में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां ईंट लदी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने 21 साल के डिलीवरी ब्वॉय नितिन चौरसिया को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना जोरदार था कि नितिन सड़क पर गिर गए और उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं।
यह घटना सोमवार रात करीब 10:15 बजे की है। नितिन चौरसिया निगोहां के मेरख नगर के रहने वाले थे और अपने दो भाइयों में सबसे बड़े थे। वह डिलीवरी ब्वॉय का काम करके अपने परिवार की आर्थिक मदद कर रहे थे। उनके पिता सरवन पान की खेती करते हैं और नितिन ही घर के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे।
जानकारी के मुताबिक, नितिन कालिंदी नहर चौराहे से सेक्टर-12 चौराहे की तरफ अपनी मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। इसी दौरान एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और नितिन को तुरंत एंबुलेंस से KGMU ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। एडीसीपी बसंत कुमार रल्लापल्ली ने बताया कि पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और पहचान के लिए आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सूचित कर दिया है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।