Lucknow में रील विवाद के दौरान चली गोली, युवक की जांघ में घुसी गोली, हालत खतरे से बाहर
Lucknow: राजधानी के विभूतिखंड इलाके में बुधवार देर रात एक युवक गोली लगने से घायल हो गया। यह घटना विजयपुर के पास किसान चबूतरा के पास हुई, जहाँ छीना-झपटी के दौरान तमंचे से गोली चल गई। पुलिस ने घायल युवक को डॉ. राम मनोहर लो
Lucknow: राजधानी के विभूतिखंड इलाके में बुधवार देर रात एक युवक गोली लगने से घायल हो गया। यह घटना विजयपुर के पास किसान चबूतरा के पास हुई, जहाँ छीना-झपटी के दौरान तमंचे से गोली चल गई। पुलिस ने घायल युवक को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया है, जहाँ उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घायल युवक की पहचान 25 वर्षीय मोनू शुक्ला उर्फ रोहित के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बाराबंकी के मोहम्मदपुर खाला का रहने वाला है और अभी चिनहट के विधायक चौराहा के पास रहता है। पुलिस की पूछताछ में मोनू ने बताया कि पिछले 15 दिनों से उसका सैफ, शान यादव और अन्य लोगों के साथ विवाद चल रहा था। आरोप है कि इन लोगों ने मोनू के हाथ में तमंचा देकर उसका वीडियो और रील बनाया था, जिसे वायरल करने की धमकी देकर उसे परेशान किया जा रहा था।
बुधवार रात जब मोनू किसान चबूतरा के पास पहुँचा, तो वहां दूसरे पक्ष के लोग भी बाइक से आ गए। दोनों तरफ से बहस शुरू हुई और बात इतनी बढ़ गई कि तमंचे की छीना-झपटी होने लगी। इसी अफरा-तफरी में गोली चल गई, जो मोनू के दाहिने हाथ को छूते हुए उसकी जांघ में जा लगी।
घटना की जानकारी मिलते ही विभूतिखंड इंस्पेक्टर और पुलिस बल मौके पर पहुँचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाए। पुलिस ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जाँच की जा रही है और जाँच के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।