Lucknow में सील बंद रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग, AC शॉर्ट सर्किट से भड़की लपटें
Lucknow: राजधानी के इंदिरानगर सेक्टर-8 स्थित V2 Restaurant & Banquet में सोमवार शाम करीब 4 बजे भीषण आग लग गई। हैरान करने वाली बात यह है कि यह रेस्टोरेंट आवास विकास परिषद द्वारा पहले ही सील किया जा चुका था, लेकिन फिर
Lucknow: राजधानी के इंदिरानगर सेक्टर-8 स्थित V2 Restaurant & Banquet में सोमवार शाम करीब 4 बजे भीषण आग लग गई। हैरान करने वाली बात यह है कि यह रेस्टोरेंट आवास विकास परिषद द्वारा पहले ही सील किया जा चुका था, लेकिन फिर भी यहां चोरी-छिपे पार्टियां और व्यावसायिक काम चल रहे थे। आग लगने के बाद इस रेस्टोरेंट के अंदर चल रहे अवैध कारनामों की पोल खुल गई है।
दमकल विभाग के मुताबिक आग AC यूनिट में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से लगी थी। आग इतनी भयानक थी कि चारों तरफ घना धुआं फैल गया, जिससे बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आईं। इंदिरानगर फायर स्टेशन समेत कुल चार दमकल गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। फायर फाइटर्स ने ब्रीदिंग अपरेटस का इस्तेमाल किया और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त रेस्टोरेंट के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और रेस्टोरेंट के दो मालिकों को जमकर फटकार लगाई। स्थानीय निवासियों ने पहले ही पुलिस और फायर विभाग को शिकायत की थी कि सील होने के बावजूद यहां गतिविधियां जारी हैं। इंस्पेक्टर अजय नारायण सिंह ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई FIR दर्ज नहीं की गई है। वहीं FSO पशुपतिनाथ मिश्रा ने पुष्टि की कि आवास विकास परिषद ने इस बिल्डिंग को सील किया था।
प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि सील होने के बाद भी यह रेस्टोरेंट कैसे काम कर रहा था। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। बता दें कि लखनऊ नगर निगम और LDA इन दिनों प्रॉपर्टी टैक्स और फायर सेफ्टी नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती कर रहा है। रिहायशी इलाकों में बिना अनुमति के बड़े रेस्टोरेंट और बैंक्वेट हॉल चलाने पर पाबंदी है।