Lucknow समेत UP के 60 जिलों में बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी किया Yellow Alert, अगले 3 दिन होगी बरसात
Lucknow: लखनऊ और आसपास के इलाकों में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। गुरुवार शाम से ही शहर में लगातार बारिश हो रही है, जो शुक्रवार सुबह भी जारी रही। मौसम विभाग ने लखनऊ के लिए अगले तीन दिनों तक बारिश का येलो अलर्ट जार
Lucknow: लखनऊ और आसपास के इलाकों में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। गुरुवार शाम से ही शहर में लगातार बारिश हो रही है, जो शुक्रवार सुबह भी जारी रही। मौसम विभाग ने लखनऊ के लिए अगले तीन दिनों तक बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे आम जनजीवन पर असर पड़ सकता है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 14, 15 और 16 अगस्त को लखनऊ में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। केवल लखनऊ ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश में 14 से 18 अगस्त तक मानसून की गतिविधियां तेज रहेंगी। प्रदेश के करीब 60 जिलों में गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है, जबकि 28 जिलों में भारी बारिश का अनुमान है।
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी और मानसूनी ट्रफ के सक्रिय होने से प्रदेश में व्यापक वर्षा की स्थिति बनी है। वहीं वरिष्ठ मौसम अधिकारी मोहम्मद दानिश के मुताबिक, गंगा के मैदानी इलाकों में मजबूत मानसूनी धाराएं बन रही हैं, जिससे उन 31 जिलों में राहत मिलेगी जहां बारिश कम हो रही थी।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम में सावधानी बरतने और आधिकारिक सलाह का पालन करने को कहा है। खासकर जलभराव और बाढ़ वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। लखनऊ में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वर्तमान में शहर में नमी का स्तर 92% तक पहुंच गया है, जिससे उमस और बारिश का मिला-जुला असर दिख रहा है।