Lucknow समेत UP के 75 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी

Lucknow: राजधानी लखनऊ में देर रात हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। हालांकि सुबह से आसमान साफ है, लेकिन भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज फिर से गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने लोगों

Lucknow: राजधानी लखनऊ में देर रात हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। हालांकि सुबह से आसमान साफ है, लेकिन भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज फिर से गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

IMD के मुताबिक उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। लखनऊ और अन्य कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी यूपी में बारिश के साथ बिजली गिरने यानी वज्रपात का खतरा भी बना हुआ है।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से बना बारिश का सिस्टम अब मध्य प्रदेश के पास पहुंच गया है, जिसकी वजह से यूपी में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। प्रदेश के मध्य भागों में चक्रवाती हवाओं और मध्य प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण यह स्थिति बनी है।

लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 31°C से 33°C और न्यूनतम तापमान 25°C से 28°C के बीच रहने का अनुमान है, हालांकि कुछ जगहों पर यह 38°C तक जा सकता है। बारिश के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो कुछ इलाकों में 70-80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।

भारी बारिश की वजह से शहरों में जलभराव हो सकता है जिससे यातायात पर असर पड़ने की आशंका है। प्रशासन ने आम लोगों और किसानों को सलाह दी है कि वे बारिश के दौरान पेड़ों और कमजोर ढांचों के नीचे खड़े न हों। पिछले 24 घंटों की बात करें तो मेरठ के मवाना में सबसे ज्यादा 315 मिमी और मुजफ्फरनगर में 270.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है।