Lucknow University में NCC कैंप का समापन, कैडेटों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में दिखाई अपनी प्रतिभा

Lucknow: लखनऊ विश्वविद्यालय में 64 यूपी बटालियन एनसीसी का संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC-220) शनिवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ संपन्न हो गया। यह शिविर 2 जुलाई 2026 से शुरू होकर 11 जुलाई 2026 तक चला, ज

Lucknow: लखनऊ विश्वविद्यालय में 64 यूपी बटालियन एनसीसी का संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC-220) शनिवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ संपन्न हो गया। यह शिविर 2 जुलाई 2026 से शुरू होकर 11 जुलाई 2026 तक चला, जिसमें कैडेटों ने अनुशासन और देश सेवा के गुर सीखे। समापन समारोह के दौरान कैडेटों ने देशभक्ति और भारतीय संस्कृति पर आधारित शानदार प्रस्तुतियां दीं।

शिविर के दौरान कैडेटों को सैन्य प्रशिक्षण के बुनियादी सिद्धांतों जैसे ड्रिल, राइफल ड्रिल, शूटिंग, मानचित्र पढ़ना और प्राथमिक चिकित्सा की ट्रेनिंग दी गई। इसके अलावा साहसिक गतिविधियों और नौकायन जैसे कार्यों को भी प्रशिक्षण का हिस्सा बनाया गया। 6 जुलाई को आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आधारित प्रस्तुतियां दी गईं और बेहतर प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को पुरस्कृत भी किया गया।

लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी ने कैडेटों के उत्साह और अनुशासन की तारीफ की और उन्हें भविष्य में देश की सेवा के लिए प्रेरित किया। लखनऊ ग्रुप मुख्यालय के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर पुनीत श्रीवास्तव ने शिविर का निरीक्षण किया और अधिकारियों व कैडेटों की तैयारियों को सराहते हुए उन्हें अनुशासित जीवन जीने का संदेश दिया। इस मौके पर कमांडिंग ऑफिसर कर्नल ए. के. गुप्ता, एडम ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल अनिमेश राय, कर्नल अंशु कुमार गुप्ता और सूबेदार मेजर आशीष चौहान सहित अन्य सैन्य अधिकारी मौजूद रहे।