Lucknow में 14 अगस्त को निकलेगी तिरंगा यात्रा, 1090 से पॉलिटेक्निक तक जाएंगे हजारों युवा
Lucknow: राजधानी लखनऊ में देशभक्ति का माहौल बनाने के लिए 14 अगस्त को एक बड़ी तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। लखनऊ युवा शक्ति की ओर से आयोजित इस यात्रा में हजारों युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है। इस आयोजन का मुख्य मकसद युवा
Lucknow: राजधानी लखनऊ में देशभक्ति का माहौल बनाने के लिए 14 अगस्त को एक बड़ी तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। लखनऊ युवा शक्ति की ओर से आयोजित इस यात्रा में हजारों युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है। इस आयोजन का मुख्य मकसद युवाओं को तिरंगे के महत्व से जोड़ना और उनमें देशप्रेम की भावना जगाना है।
तय कार्यक्रम के मुताबिक, यह यात्रा 14 अगस्त को सुबह 11 बजे 1090 चौराहे से शुरू होगी और पॉलिटेक्निक चौराहे तक जाएगी। शहर में इस दौरान देशभक्ति का संदेश देने के लिए युवाओं की बड़ी भीड़ सड़कों पर उतरेगी।
वहीं, पूरे उत्तर प्रदेश में 10 अगस्त से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत घरों और दुकानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का लक्ष्य है। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 9 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास से लोकभवन तक एक यात्रा का नेतृत्व किया था, जिसमें करीब 25 से 30 हजार युवा शामिल हुए थे।
राज्य सरकार की योजना के अनुसार, मंडल और वार्ड स्तर पर भी 10 से 12 अगस्त के बीच कई तिरंगा यात्राएं आयोजित की गईं। इसके अलावा 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के मौके पर मौन जुलूस और संगोष्ठियां भी आयोजित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तिरंगे को भारत की विरासत और सम्मान का प्रतीक बताया है। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि यह पहल पूरे राज्य में देशभक्ति की भावना को मजबूत कर रही है और इसे ‘हर दिल में तिरंगा’ अभियान के रूप में देखा जा रहा है।