Lucknow के सुशांत गोल्फ सिटी अपार्टमेंट में कथित रेव पार्टी पर बवाल, निवासियों ने किया प्रदर्शन
Lucknow: सुशांत गोल्फ सिटी स्थित ईफिल विवासा अपार्टमेंट के क्लब हाउस में कथित तौर पर रेव पार्टी होने के बाद हंगामा मच गया है। रविवार रात बाहरी लोगों द्वारा आयोजित इस पार्टी और देर रात तक बज रहे तेज संगीत से परेशान होकर स
Lucknow: सुशांत गोल्फ सिटी स्थित ईफिल विवासा अपार्टमेंट के क्लब हाउस में कथित तौर पर रेव पार्टी होने के बाद हंगामा मच गया है। रविवार रात बाहरी लोगों द्वारा आयोजित इस पार्टी और देर रात तक बज रहे तेज संगीत से परेशान होकर सोमवार को अपार्टमेंट के निवासियों ने क्लब हाउस के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।
यह पूरी घटना 19 जुलाई, 2026 की रात की है, जब इकाना स्टेडियम के पीछे स्थित इस सोसाइटी के क्लब हाउस में पार्टी का आयोजन किया गया था। निवासियों का आरोप है कि पार्टी में बड़ी संख्या में बाहरी लोगों की एंट्री कराई गई थी, जिससे सोसाइटी की सुरक्षा खतरे में पड़ गई। सोमवार सुबह ईफिल विवासा अपार्टमेंट ओनर एसोसिएशन के अध्यक्ष शिव गोपाल सिंह के नेतृत्व में लोगों ने इकट्ठा होकर अपना विरोध जताया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्लब हाउस में पार्टी करने के लिए अनुमति मांगी गई थी, लेकिन प्रशासन ने उसे मंजूरी नहीं दी थी। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी कर पार्टी आयोजित की गई। जब निवासियों ने डायल-112 पर सूचना दी, तब पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यक्रम को बंद कराया।
इस पूरे मामले में क्लब संचालक ठेकेदार ए.के. सिंह पर गंभीर आरोप लगे हैं। निवासियों का कहना है कि संचालक ने उनके साथ अभद्रता की। बताया जा रहा है कि पुलिस कार्रवाई के डर से संचालक अपना सामान समेटकर मौके से फरार हो गया है।
प्रदर्शनकारी निवासियों ने मांग की है कि सोसाइटी के क्लब हाउस का व्यावसायिक उपयोग बंद हो और बाहरी लोगों के प्रवेश के लिए सख्त नियम बनाए जाएं। पुलिस अब फरार क्लब संचालक से संपर्क करने की कोशिश कर रही है और मामले की जांच जारी है।