Lucknow में दरोगा की पत्नी की संदिग्ध मौत, ससुराल वालों पर जहर देकर मारने का आरोप

Lucknow: राजधानी के पारा थाना क्षेत्र में एक दरोगा की पत्नी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है. इस घटना के बाद मृतका के परिवार ने पति और ससुराल के अन्य सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर

Lucknow: राजधानी के पारा थाना क्षेत्र में एक दरोगा की पत्नी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है. इस घटना के बाद मृतका के परिवार ने पति और ससुराल के अन्य सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि मौत प्राकृतिक थी या इसके पीछे कोई साजिश है.

मृतका विनीता (35) अपने पति अवनीश कुमार और बेटे कार्तिक के साथ पारा के बुद्धेश्वर स्थित जाहिद नगर में रहती थीं. अवनीश कुमार यूपी पुलिस में दरोगा हैं और फिलहाल कैंट थाने में तैनात हैं. गुरुवार को विनीता की तबीयत अचानक बिगड़ी, जिसके बाद परिजन उन्हें ठाकुरगंज के एरा हॉस्पिटल ले गए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई.

विनीता के भाई विनय कुमार सिंह, जो गाजियाबाद के रहने वाले हैं, उन्होंने पारा थाने में लिखित शिकायत दी है. विनय का आरोप है कि पिछले 18 सालों से विनीता को उसके पति अवनीश, देवर रजनीश, सास और देवरानी द्वारा शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. शिकायत में यह भी कहा गया है कि अवनीश शराब पीकर अक्सर विनीता के साथ मारपीट करता था और ससुराल वालों ने उसे जहर देकर मार डाला है.

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में यह मामला जहर खाने का लग रहा है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. पुलिस ने पति समेत ससुराल के चार लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली है और कुछ लोगों से पूछताछ भी की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि मौत की असली वजह क्या थी, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.