Lucknow में टीचरों की कमी पर भड़के छात्र, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन, मंत्री ने गाड़ी से उतरकर समझाया

Lucknow: राजधानी के पारा इलाके में स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के छात्रों ने शुक्रवार को शिक्षकों की भारी कमी के खिलाफ सड़क पर उतरकर अपना गुस्सा जताया। कक्षा 8 से 12 तक के सैकड़ों छात्रों ने मोहान रोड पर जाम

Lucknow: राजधानी के पारा इलाके में स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के छात्रों ने शुक्रवार को शिक्षकों की भारी कमी के खिलाफ सड़क पर उतरकर अपना गुस्सा जताया। कक्षा 8 से 12 तक के सैकड़ों छात्रों ने मोहान रोड पर जाम लगा दिया और विद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस प्रदर्शन की वजह से सड़क पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।

प्रदर्शन के दौरान वहां से गुजर रहे समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण का काफिला भी जाम में फंस गया। मंत्री अपनी गाड़ी से उतरे और उन्होंने छात्रों से बात कर उनकी समस्या सुनी। उन्होंने बच्चों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों का जल्द समाधान किया जाएगा, जिसके बाद वे खुद छात्रों को वापस स्कूल ले गए।

स्कूल की स्थिति की बात करें तो प्रिंसिपल विनोद कुमार ने बताया कि स्कूल में 6 शिक्षकों की जरूरत है, लेकिन फिलहाल केवल 4 ही कार्यरत हैं। केमिस्ट्री, गेम्स और हिस्ट्री जैसे विषयों के लिए कोई शिक्षक नहीं है। स्कूल में करीब 450 छात्र पढ़ रहे हैं, जिनके लिए केवल 7 शिक्षक उपलब्ध हैं। छात्रों का आरोप है कि कई गेस्ट टीचर अक्सर छुट्टी पर रहते हैं, जिससे उनकी पढ़ाई का नुकसान हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, स्कूल के आठ पार्ट-टाइम शिक्षक फिलहाल कोर्ट केस में उलझे हुए हैं, जिसकी वजह से उनकी बहाली रुकी हुई है। वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार ने पहले भी स्कूलों में शिक्षकों के अनुपात को ठीक करने के लिए सरप्लस शिक्षकों के समायोजन की प्रक्रिया शुरू की थी। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने भी आदेश दिया था कि हर स्कूल में कम से कम दो शिक्षक जरूर तैनात हों।