Lucknow के स्पैरो रिजॉर्ट फायरिंग केस में 2 और आरोपी गिरफ्तार, कुल 3 पहुंचे जेल
Lucknow: मोहनलालगंज के मदाखेड़ा इलाके में स्थित स्पैरो रिजॉर्ट में हुई हर्ष फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जिससे अब तक इस मामले में कुल तीन लोग
Lucknow: मोहनलालगंज के मदाखेड़ा इलाके में स्थित स्पैरो रिजॉर्ट में हुई हर्ष फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जिससे अब तक इस मामले में कुल तीन लोग सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं। यह पूरी घटना एक जन्मदिन पार्टी के दौरान हुई थी, जिसने इलाके में काफी चर्चा बटोरी थी।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी गौरव शर्मा को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। गौरव शर्मा लखनऊ की मशहूर ‘शर्मा चाय’ के मालिक का बेटा है। जांच में पता चला कि गौरव नशे की हालत में था और उसने पार्टी के दौरान पिस्तौल से चार राउंड फायरिंग की थी। जब रिजॉर्ट के कर्मचारियों ने इस फायरिंग का विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट भी की। इस मामले की शिकायत रिजॉर्ट के मेंटेनेंस कर्मचारी जितेंद्र सिंह ने दर्ज कराई थी।
इस घटना के बाद पुलिस विभाग में भी हड़कंप मचा है। जांच में लापरवाही मिलने पर कनकहा चौकी इंचार्ज और उपनिरीक्षक निमेश दुबे को सस्पेंड कर दिया गया है। सूत्रों का कहना है कि घटना के समय वहां कुछ पुलिसकर्मी भी मौजूद थे और एक दरोगा ने आरोपियों को आसानी से जाने दिया था, जिसकी अब जांच की जा रही है।
पुलिस ने मौके से चार खोखे बरामद किए हैं, लेकिन जिस पिस्तौल से फायरिंग हुई थी, वह अभी तक नहीं मिली है। इस मामले में कुल 14 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए अब क्राइम ब्रांच की एक स्पेशल टीम लगाई गई है।