Lucknow में शटरिंग मिस्त्री की कुल्हाड़ी और धारदार हथियार से हत्या, फोन कर बुलाया गया था

Lucknow: राजधानी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में एक 23 साल के युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक अभिषेक रावत शटरिंग और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे उसे फोन करके जगतखेड़ा गांव के सरथुआ

Lucknow: राजधानी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में एक 23 साल के युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक अभिषेक रावत शटरिंग और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे उसे फोन करके जगतखेड़ा गांव के सरथुआ इलाके में बुलाया गया, जहां घात लगाए हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, अभिषेक को बुलाने के बाद आधा दर्जन से अधिक लोगों ने उस पर कुल्हाड़ी और धारदार हथियारों से वार किया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और फायरिंग भी की गई, जिससे मौके पर मौजूद कई बाइक और वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घायल अवस्था में अभिषेक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की मां पुष्पा रावत ने पुलिस को दी गई तहरीर में अरुण, अखिलेश और सात अन्य लोगों को नामजद किया है। परिवार में मां के अलावा दो छोटे भाई और दो बहनें हैं। तीन साल पहले पिता की मौत के बाद अभिषेक ही पूरे घर की जिम्मेदारी उठा रहा था। घटना के दौरान दूसरे पक्ष का एक युवक अखिलेश भी घायल हुआ है, जिसका इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है।

एसीपी गोसाईगंज ऋषभ यादव और पीजीआई थाना इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं। पुलिस ने घटनास्थल से एक बुलेट, एक यामाहा R15, दो स्प्लेंडर और एक पैशन प्रो बाइक जब्त की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक अभिषेक और आरोपी अखिलेश दोनों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। अखिलेश को इसी साल फरवरी में तीन महीने के लिए जिला बदर किया गया था। पुलिस इस पूरी वारदात को पुरानी रंजिश का नतीजा मानकर जांच कर रही है। इस बीच भारतीय किसान यूनियन (लोकतांत्रिक) के पदाधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।