Lucknow में शहीद पथ पर ओवरटेक को लेकर विवाद, थार सवारों ने कार चालक को पीटा और गाड़ी तोड़ी

Lucknow: राजधानी के शहीद पथ पर ओवरटेक करने को लेकर हुआ विवाद हिंसक हो गया. यहाँ एक काले रंग की Thar में सवार तीन लोगों ने कार चालक की बेरहमी से पिटाई कर दी और उनकी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए. पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्

Lucknow: राजधानी के शहीद पथ पर ओवरटेक करने को लेकर हुआ विवाद हिंसक हो गया. यहाँ एक काले रंग की Thar में सवार तीन लोगों ने कार चालक की बेरहमी से पिटाई कर दी और उनकी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए. पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.

यह पूरी घटना 4 जुलाई की रात करीब 1:45 बजे की है. प्रयागराज के बद्री आवास योजना निवासी मोहित सिंह अपनी कार से शहीद पथ के रास्ते ट्रांसपोर्ट नगर की तरफ जा रहे थे. अमौसी एयरपोर्ट जाने वाले फ्लाईओवर से करीब 500 मीटर पहले पीछे से आ रही एक काले रंग की Thar ने बहुत तेज रफ्तार में उनकी कार को दाहिनी ओर से ओवरटेक किया.

मोहित सिंह का आरोप है कि थार चालक ने ओवरटेक करने के बाद अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे उनकी कार पीछे से थार से टकरा गई. इसके बाद थार में सवार तीन लोग नीचे उतरे और गाली-गलौज करते हुए मोहित सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी. हमलावरों ने डंडों से कार के आगे और पीछे के शीशे तोड़ दिए और गाड़ी की बॉडी को भी काफी नुकसान पहुँचाया. इस हमले में मोहित सिंह की आंख में गंभीर चोट आई है.

जब आसपास के राहगीर मौके पर पहुँचे, तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए ट्रांसपोर्ट नगर की ओर फरार हो गए. सरोजनीनगर पुलिस अब शहीद पथ पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके.