Lucknow में बिना फिटनेस वाले 493 स्कूली वाहनों पर गिरेगी गाज, परिवहन विभाग सीज करेगा बस और वैन

Lucknow: राजधानी लखनऊ में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग अब सख्त रुख अपनाने जा रहा है। विभाग ने नोटिस भेजने के बाद भी 493 स्कूली वाहनों की फिटनेस अधूरी पाई है, जिसके बाद अब इन वाहनों के खिलाफ विशेष चेकिंग

Lucknow: राजधानी लखनऊ में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग अब सख्त रुख अपनाने जा रहा है। विभाग ने नोटिस भेजने के बाद भी 493 स्कूली वाहनों की फिटनेस अधूरी पाई है, जिसके बाद अब इन वाहनों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। बिना फिटनेस वाली वैन और बसों को मौके पर ही जब्त यानी सीज कर लिया जाएगा।

उत्तर प्रदेश सरकार बच्चों की सुरक्षित आवाजाही के लिए 1 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक राज्यव्यापी ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ अभियान चला रही है। इस अभियान को दो हिस्सों में बांटा गया है। पहले चरण में 1 से 7 जुलाई तक स्कूलों को अपनी कमियां सुधारने का मौका दिया गया था, जिसमें परिवहन विभाग की टीमों ने स्कूलों में जाकर निरीक्षण किया था। अब दूसरे चरण में 8 से 15 जुलाई तक उन वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है जिन्होंने नियमों का पालन नहीं किया।

एआरटीओ प्रशासन प्रदीप कुमार सिंह और अरुण कुमार ने बताया कि जल्द ही सड़कों पर चेकिंग अभियान शुरू होगा। जिन वाहनों के पास फिटनेस सर्टिफिकेट या वैध परमिट नहीं होगा, उनके खिलाफ चालान काटने और वाहन सीज करने की कार्रवाई होगी। यह कदम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मंशा के तहत उठाया गया है।

लापरवाही बरतने वाले स्कूलों के खिलाफ भी कड़े कदम उठाए जाएंगे। ऐसे स्कूलों की मान्यता रद्द करने की सिफारिश की जाएगी और असुरक्षित वाहनों की पूरी लिस्ट जिलाधिकारी के जरिए शिक्षा विभाग को भेजी जाएगी। विभाग ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों को केवल उन्हीं वाहनों में भेजें जिनके पास वैध कागजात हों और वाहन की सुरक्षा की पूरी जानकारी लें।