Lucknow में रिक्शा रोकने पर विवाद, तीन भाइयों को लाठियों और रॉड से पीटा, केस दर्ज

Lucknow: राजधानी के सरोजनीनगर इलाके में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। यहां रिक्शा रोकने को लेकर हुए झगड़े में तीन भाइयों पर जानलेवा हमला किया गया, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शि

Lucknow: राजधानी के सरोजनीनगर इलाके में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। यहां रिक्शा रोकने को लेकर हुए झगड़े में तीन भाइयों पर जानलेवा हमला किया गया, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना बुधवार सुबह की है जब अजय यादव अपनी बाइक से बिजनौर जा रहे थे। स्कूटर इंडिया चौराहे पर ई-रिक्शा और ऑटो चालकों ने उनकी बाइक जबरन रोक ली। जब अजय ने इसका विरोध किया, तो अरुण, विशाल, शिवम और उनके कुछ साथियों ने उन पर लाठियों, रॉड और रिंच से हमला कर दिया। शोर सुनकर जब अजय के भाई अभिषेक और संस्कार वहां पहुंचे, तो हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और उनकी जमकर पिटाई कर दी।

इस हमले में तीनों भाइयों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ितों का आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। सूचना मिलने पर Dial-112 की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। मक्कखेड़ा, गहरू निवासी विकास यादव की शिकायत पर सरोजनीनगर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूटर इंडिया चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस की तैनाती कम रहती है। इस वजह से ई-रिक्शा और ऑटो चालकों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते हैं, जिससे आम राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।