Lucknow में राम मंदिर चढ़ावा चोरी के खिलाफ सपाइयों का प्रदर्शन, ब्राह्मण वेशभूषा में पहुंचे कार्यकर्ता
Lucknow: राजधानी लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार हंगामा किया। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर सपा कार्यकर्ता दोपहर 12:05 बजे सड़क पर उतरे और सरकार के खिलाफ नारेब
Lucknow: राजधानी लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार हंगामा किया। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर सपा कार्यकर्ता दोपहर 12:05 बजे सड़क पर उतरे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता ब्राह्मणों की वेशभूषा में थे और उनके हाथों में फरसा और थर्माकोल से बने दानपात्र थे।
सपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि राम मंदिर में चोरी होना बेहद शर्मनाक है और सरकार इस पूरे मामले को दबाने की कोशिश कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने ‘चंदा चोरों को जेल भेजो’ के नारे लगाए। इस दौरान उदय प्रताप ने कहा कि सरकार भगवान के घर में चोरी नहीं रोक पा रही है, जबकि युवराज ने आरोप लगाया कि इस मामले में केवल छोटे प्यादों पर कार्रवाई हो रही है और बड़े चेहरों को बचाया जा रहा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को बसों में बैठाया और उन्हें इको गार्डन भेज दिया।
इस पूरे मामले में कानूनी और प्रशासनिक हलचल भी तेज है। अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी की जांच कर रही SIT ने 17 जुलाई को अपनी विस्तृत रिपोर्ट सरकार को सौंपनी थी। SIT की शुरुआती रिपोर्ट में 40 दिनों के भीतर 70 बार चोरी और बैंक कर्मियों की मिलीभगत की बात सामने आई थी। इसमें ट्रस्ट के तत्कालीन सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा और गणना प्रभारी सुभाष श्रीवास्तव की भूमिका पर भी सवाल उठे थे।
इधर, सुप्रीम कोर्ट ने भी 13 जुलाई को इस मामले में केंद्र और यूपी सरकार को नोटिस जारी कर SIT रिपोर्ट मांगी है। मामले की अगली सुनवाई 20 जुलाई को होगी। सपा सांसद सनातन पांडेय और राजीव राय ने भी इस घटना को संगठित अपराध बताते हुए सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि यह मामला अब घर-घर पहुंच गया है। वहीं, अयोध्या में 23 जुलाई को संत समाज की एक बड़ी बैठक होगी, जिसमें रामभक्तों को संयम रखने का संदेश दिया जाएगा।