Lucknow में छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर प्रदर्शन, पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया

Lucknow: राजधानी लखनऊ के 1090 चौराहे पर समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन यूनिवर्सिटी में छात्र संघ चुनाव कराने और बढ़ी हुई फीस को वापस लेने की मांगों को लेकर किया गया था। प्रद

Lucknow: राजधानी लखनऊ के 1090 चौराहे पर समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन यूनिवर्सिटी में छात्र संघ चुनाव कराने और बढ़ी हुई फीस को वापस लेने की मांगों को लेकर किया गया था। प्रदर्शन के दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण रहा और पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

प्रदर्शनकारी 1090 चौराहे से मुख्यमंत्री आवास की तरफ मार्च करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। इस बीच पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प भी हुई। पुलिस ने कई छात्र नेताओं और कार्यकर्ताओं को पकड़कर हिरासत में ले लिया और उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए इको गार्डन भेज दिया। इस हंगामे की वजह से 1090 चौराहे पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ।

समाजवादी छात्र सभा का कहना है कि सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और जायज मांगों को दबाने के लिए दमनकारी तरीके अपना रही है। उनका आरोप है कि शिक्षण संस्थानों में फीस बढ़ाने का कोई तय मानक नहीं है। प्रदर्शनकारियों ने यूनिवर्सिटी में चुनाव कराने के साथ-साथ जौहर यूनिवर्सिटी के खिलाफ कार्रवाई रोकने की मांग की। कुछ कार्यकर्ताओं ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई।

बता दें कि उत्तर प्रदेश के विश्वविद्यालयों में छात्र संघ चुनावों पर 2007 से प्रतिबंध लगा हुआ है। हालांकि, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवंबर 2024 में संकेत दिए थे कि युवाओं को राजनीति में लाने के लिए जल्द ही चुनाव कराने की समय सीमा तय की जाएगी। छात्र सभा ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे इस आंदोलन को पूरे प्रदेश में और बढ़ाएंगे।