Lucknow में सड़क हादसों में 2 लोगों की मौत, हेलमेट न पहनने से बढ़ी चोट की गंभीरता
Lucknow: राजधानी लखनऊ में बीते दो दिनों के भीतर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। इन हादसों में रंजीत कुमार और बलदेव नाम के दो लोगों की जान चली गई। पुलिस ने दोनों ही मामलों में पाया कि मृतकों
Lucknow: राजधानी लखनऊ में बीते दो दिनों के भीतर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। इन हादसों में रंजीत कुमार और बलदेव नाम के दो लोगों की जान चली गई। पुलिस ने दोनों ही मामलों में पाया कि मृतकों ने हेलमेट नहीं पहना था, जिसकी वजह से सिर में गंभीर चोटें आईं और उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
पहला हादसा सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में हुआ। गोसाईंगंज के शिवलर गांव के रहने वाले 30 वर्षीय रंजीत कुमार, जिनका खुर्दही में होटल था, मंगलवार देर रात करीब 2 बजे जलसा रिजॉर्ट के सामने एक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। पुलिस उन्हें तुरंत अस्पताल ले गई, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रंजीत के परिवार में उनकी पत्नी सिया रानी और दो छोटी बेटियां अंशिका और कोमल हैं। पुलिस अब उस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है जिसने उन्हें टक्कर मारी थी।
वहीं दूसरा हादसा बुधवार दोपहर करीब 11:30 बजे किसान पथ पर दरोगा खेड़ा के पास हुआ। बिजनौर के नटकुर निवासी 22 वर्षीय मजदूर बलदेव (शिवम) अपने ननिहाल मौंदा से बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर आगे खड़े एक कंटेनर से जा टकराई। इस टक्कर में बलदेव की मौके पर ही मौत हो गई।
बिजनौर थाना प्रभारी कपिल गौतम ने बताया कि पुलिस ने कंटेनर को जब्त कर लिया है और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हादसे की सही वजह जानने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। बलदेव के परिवार में उनकी पत्नी शालिनी और एक साल की बेटी कनक है। एक साल पहले ही उनके पिता नंदन रावत का निधन हो चुका था।