Lucknow में रायबरेली हाईवे पर 4 घंटे लगा रहा भीषण जाम, PGI क्षेत्र में मरीजों और एम्बुलेंस की बढ़ी मुश्किलें
Lucknow: पीजीआई क्षेत्र के कल्ली पश्चिम स्थित रायबरेली हाईवे पर शुक्रवार शाम को भारी जाम लग गया। करीब चार घंटे तक चले इस जाम की वजह से लोग बेहाल रहे और सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस जाम ने न केवल आम यात्रियों
Lucknow: पीजीआई क्षेत्र के कल्ली पश्चिम स्थित रायबरेली हाईवे पर शुक्रवार शाम को भारी जाम लग गया। करीब चार घंटे तक चले इस जाम की वजह से लोग बेहाल रहे और सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस जाम ने न केवल आम यात्रियों बल्कि अस्पताल जाने वाले मरीजों की मुश्किलें भी बढ़ा दीं।
जानकारी के मुताबिक, यह जाम कल्ली तिराहे से सबा खेड़ा तक करीब एक किलोमीटर तक फैला हुआ था। जाम लगने की मुख्य वजह शुक्रवार को लगने वाला साप्ताहिक बाजार और जगत खेड़ा कट से सड़क पार करने वाले लोग थे। इस वजह से गाड़ियां रेंगने को मजबूर थीं। सबसे बुरा हाल मरीजों और उनके तीमारदारों का रहा, क्योंकि कई एम्बुलेंस भी इस ट्रैफिक में फंस गईं। स्थिति इतनी खराब थी कि लोगों ने खुद आगे बढ़कर रास्ता साफ किया ताकि एम्बुलेंस को निकाला जा सके।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जगत खेड़ा कट पर हर शाम पैदल चलने वालों की वजह से जाम लगता है, लेकिन शुक्रवार के बाजार के कारण यह समस्या और ज्यादा गंभीर हो जाती है। पहले पुलिस ने इस कट को बैरिकेड्स लगाकर बंद किया था, जिससे ट्रैफिक कुछ समय के लिए ठीक हुआ था, लेकिन बैरिकेड्स हटते ही समस्या फिर से शुरू हो गई। अब स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जगत खेड़ा कट पर यातायात की कोई स्थायी व्यवस्था की जाए ताकि लोगों को रोज इस परेशानी से न जूझना पड़े।