Lucknow में बेडरूम में घुसा 7 फीट लंबा अजगर, रातभर दहशत में रहा परिवार, Dial 112 से नहीं मिली मदद

Lucknow: राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में एक परिवार की रात बेहद खौफनाक रही। यहां गोशाला रोड स्थित एक घर के बेडरूम में करीब 6 से 7 फीट लंबा अजगर घुस आया, जिससे पूरे परिवार में हड़कंप मच गया। परिवार ने मदद के लिए रातभर ग

Lucknow: राजधानी लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में एक परिवार की रात बेहद खौफनाक रही। यहां गोशाला रोड स्थित एक घर के बेडरूम में करीब 6 से 7 फीट लंबा अजगर घुस आया, जिससे पूरे परिवार में हड़कंप मच गया। परिवार ने मदद के लिए रातभर गुहार लगाई, लेकिन समय पर कोई मदद नहीं पहुंची।

यह घटना शुक्रवार रात करीब 1 बजे की है। पुराना तोपखाना गेट नंबर 4 के पास रहने वाले सर्वेश अवस्थी और उनके परिवार ने तुरंत आपातकालीन सेवा Dial 112 और वन विभाग को फोन किया। परिवार का आरोप है कि रातभर कॉल करने के बावजूद न तो पुलिस आई और न ही वन विभाग की टीम। मदद न मिलने पर परिवार ने खुद हिम्मत दिखाई और अजगर को एक बोरे में बंद कर सुरक्षित कर लिया।

शनिवार सुबह जब परिवार ने दोबारा संपर्क किया, तब वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अजगर को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर ले गई। इस घटना ने लखनऊ में इमरजेंसी सेवाओं और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वन विभाग की रिपोर्ट में दावा किया गया कि अजगर को रात में ही रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ दिया गया था, जबकि परिवार की बात इससे बिल्कुल अलग है।

इस मामले पर जब DFO सितांशु पांडेय से बात करने की कोशिश की गई, तो वे उपलब्ध नहीं थे। बता दें कि उत्तर प्रदेश वन विभाग ने वन्यजीवों से जुड़ी शिकायतों के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1926 जारी किया हुआ है।