Lucknow में प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह हत्याकांड का दूसरा शूटर गिरफ्तार, 1 लाख का था इनाम

Lucknow: राजधानी लखनऊ में प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मामले के दूसरे शूटर सचिन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जिस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। एसटीएफ और पीज

Lucknow: राजधानी लखनऊ में प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने मामले के दूसरे शूटर सचिन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जिस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। एसटीएफ और पीजीआई पुलिस की टीम ने उसे किसान पथ ओवरब्रिज के नीचे डलौना के पास से पकड़ा।

जानकारी के मुताबिक, सचिन कुमार कोर्ट में सरेंडर करने की तैयारी कर रहा था और इसी सिलसिले में वह अपने वकील से मिलने आया था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के समय उसके पास से हत्या में इस्तेमाल की गई .32 बोर की पिस्टल, तीन कारतूस, एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल और 2,200 रुपये नकद मिले हैं। पुलिस ने बताया कि वारदात के बाद पिस्टल को देवी सिंह खेड़ा गांव के पास एक गड्ढे में छिपा दिया गया था, जिसे अब बरामद कर लिया गया है।

पूछताछ के दौरान सचिन ने कबूल किया कि 27 मई 2026 को हुई इस हत्या में वह मोटरसाइकिल चला रहा था, जबकि उसके साथी संजय उर्फ संजीव ने संदीप सिंह पर गोलियां चलाई थीं। यह पूरी साजिश पुरानी रंजिश के चलते प्रॉपर्टी डीलर दिनेश यादव ने रची थी। दिनेश के ड्राइवर मुकर्रबीन ने शूटरों को उपलब्ध कराने वाले गंगाराम यादव से उसकी मुलाकात कराई थी। वहीं, अयोध्या के हिस्ट्रीशीटर दिलीप वर्मा पर हत्या के लिए हथियार दिलाने का आरोप है।

इस मामले में पुलिस पहले ही कई गिरफ्तारियां कर चुकी है। मुख्य साजिशकर्ता दिनेश यादव और ड्राइवर मुकर्रबीन को 31 मई को पकड़ा गया था, जबकि गंगाराम यादव की गिरफ्तारी 15 जून को हुई थी। पहला मुख्य शूटर संजय उर्फ संजीव 27 जून को पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया था और बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अब सचिन कुमार को पीजीआई थाने में दर्ज मुकदमे में दाखिल कर दिया गया है और पुलिस उससे आगे की पूछताछ कर रही है।