Lucknow में प्रॉपर्टी डीलर मर्डर केस का खुलासा, 1 लाख का इनामी गंगाराम यादव गिरफ्तार

Lucknow: राजधानी के पीजीआई इलाके में हुए चर्चित प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह हत्याकांड में एसटीएफ को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने 1 लाख रुपये के इनामी आरोपी गंगाराम यादव को आलमबाग बस स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया है।

Lucknow: राजधानी के पीजीआई इलाके में हुए चर्चित प्रॉपर्टी डीलर संदीप सिंह हत्याकांड में एसटीएफ को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने 1 लाख रुपये के इनामी आरोपी गंगाराम यादव को आलमबाग बस स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया है कि उसने मुख्य साजिशकर्ता के कहने पर शूटरों का इंतजाम किया था।

घटना 27 मई 2026 की है जब संदीप सिंह अपनी कार से ऑफिस जा रहे थे और कल्ली पश्चिम बाजार के पास उन्हें गोली मार दी गई थी। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी, जिससे पुलिस को सुराग मिले। जांच में पता चला कि यह हत्या जमीन विवाद के कारण हुई थी। प्रॉपर्टी कारोबारी दिनेश कुमार यादव ने समदा स्थित जमीन को लेकर संदीप सिंह से विवाद के बाद 5 लाख रुपये की सुपारी देकर इस वारदात को अंजाम दिलवाया था।

गिरफ्तार आरोपी गंगाराम यादव अंबेडकरनगर का रहने वाला है। उसने पुलिस को बताया कि मुख्य साजिशकर्ता दिनेश यादव और उसके ड्राइवर मुकर्रबीन उर्फ मुबीन के कहने पर उसने शूटरों की व्यवस्था की थी। एसटीएफ ने मुख्य आरोपी दिनेश यादव और उसके ड्राइवर को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने इस मामले में दिनेश यादव की मर्सिडीज समेत चार लग्जरी गाड़ियां भी जब्त की हैं।

एडीसीपी साउथ रल्लापल्ली वसंथ कुमार ने बताया कि पुलिस की टीमें अभी भी फरार शूटरों की तलाश कर रही हैं। माना जा रहा है कि शूटर भी अंबेडकरनगर के ही रहने वाले हैं। फिलहाल गंगाराम यादव को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पीजीआई पुलिस के हवाले कर दिया गया है। इस पूरे मामले में थाना पीजीआई में मुकदमा संख्या 291/2026 दर्ज है।