Lucknow में बिजली कटौती पर बवाल, कर्मचारियों को पीटा और सड़क जाम किया; उपकेंद्रों पर PAC तैनात करने की मांग
Lucknow: राजधानी लखनऊ के कई इलाकों में पिछले कुछ दिनों से बिजली की भारी कटौती ने लोगों का गुस्सा बढ़ा दिया है। हालात इतने खराब हो गए कि नाराज उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के कर्मचारियों के साथ मारपीट की और सड़कों पर जाम लगा
Lucknow: राजधानी लखनऊ के कई इलाकों में पिछले कुछ दिनों से बिजली की भारी कटौती ने लोगों का गुस्सा बढ़ा दिया है। हालात इतने खराब हो गए कि नाराज उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के कर्मचारियों के साथ मारपीट की और सड़कों पर जाम लगा दिया। अब स्थिति को संभालने के लिए विभाग ने उपकेंद्रों पर पुलिस बल तैनात करने की मांग की है।
30 जून को उतरेटिया क्षेत्र के लोग पिछले पांच दिनों से बिजली कटौती और फॉल्ट से परेशान थे। गुस्से में आए लोग रात के समय ही अंबेडकर उपकेंद्र पहुंच गए और वहां ड्यूटी कर रहे ऑपरेटर दिनेश कुमार समेत छह कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। कर्मचारियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने रायबरेली हाईवे पर जाम लगा दिया, जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद हटाया।
इससे पहले 29 जून को भी शहर के कई हिस्सों में हंगामा हुआ। रविवार को दिनभर बिजली गुल रही और जब सप्लाई आई तो हाई वोल्टेज की वजह से कई घरों के टीवी, पंखे और फ्रिज जल गए। एफसीआई उपकेंद्र क्षेत्र में गुस्साए लोगों ने जूनियर इंजीनियर जहांगीर आलम का करीब 13 किलोमीटर तक पीछा किया, जिससे बचने के लिए जेई को अपनी गाड़ी आगरा एक्सप्रेस-वे की तरफ दौड़ानी पड़ी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ है।
बिजली कटौती का असर जाहिद नगर, हर्ष नगर, नाजिम नगर, कुंदन विहार, भपटामऊ, पिंक सिटी, बुद्धेश्वर विहार और आदर्श विहार जैसे इलाकों में देखा गया। वहीं दुबग्गा क्षेत्र में लोगों ने सड़क जाम कर विरोध जताया। काकोरी की दुबग्गा सब्जी और फल मंडी में दो ट्रांसफार्मर में आग लगने से पिछले 48 घंटों से बिजली बंद थी, जिससे व्यापारियों और किसानों को भारी नुकसान हुआ।
अमौसी जोन के मुख्य अभियंता राम कुमार ने डीसीपी को पत्र लिखकर अंबेडकर और उतरेटिया उपकेंद्रों पर PAC तैनात करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि कुछ लोग नशे की हालत में आकर कर्मचारियों को काम करने से रोकते हैं और हंगामा करते हैं। एसडीओ अनिल कुमार ने कहा कि अराजक तत्व उन इलाकों की बिजली भी जबरन बंद करा रहे हैं जहां सप्लाई चालू है, उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत की जा रही है। मुख्य अभियंता ने यह भी बताया कि शकुंतला मिश्रा उपकेंद्र पर ओवरलोडिंग की समस्या है, जिसे दूर करने के लिए एक हफ्ते के भीतर 5 MVA का नया पावर ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा।