Lucknow में स्मार्ट मीटर लगाने के बहाने चोरी करने वाले 5 गिरफ्तार, डिलीवरी बॉय और छात्र भी शामिल
Lucknow: राजधानी की मड़ियांव पुलिस ने एक ऐसे शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है जो लोगों को ठगने के लिए स्मार्ट मीटर और डिलीवरी का सहारा लेते थे. पुलिस ने इस गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है. ये लोग घरों की रेक
Lucknow: राजधानी की मड़ियांव पुलिस ने एक ऐसे शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है जो लोगों को ठगने के लिए स्मार्ट मीटर और डिलीवरी का सहारा लेते थे. पुलिस ने इस गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है. ये लोग घरों की रेकी करने के लिए अलग-अलग बहानों का इस्तेमाल करते थे और फिर मौका पाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे.
मड़ियांव पुलिस और इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा की टीम ने शनिवार देर रात यादव चौराहे के पास से इन पांचों आरोपियों को दबोचा. पुलिस को इनकी गिरफ्तारी में सीसीटीवी फुटेज से बड़ी मदद मिली. पकड़े गए लोगों में हर्ष पांडेय गिरोह का सरगना है, जो बीए सेकंड ईयर का छात्र है और पार्ट-टाइम स्मार्ट मीटर लगाने का काम करता था. इसी वजह से उसे घरों के अंदर घुसने और रेकी करने में आसानी होती थी.
गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों में सुमित श्रीवास्तव जो चाय बेचता है, अभिषेक तिवारी जो Flipkart डिलीवरी बॉय है, राजा गुप्ता जो Rapido चालक है और कृष्णा गुप्ता जो दसवीं का छात्र है, शामिल हैं. ये सभी मिलकर पहले सामान डिलीवर करने या स्मार्ट मीटर लगाने के बहाने घरों की जानकारी जुटाते थे और बाद में चोरी करते थे.
पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह ने 16 जुलाई को हरिओम नगर में रहने वाली मीना सिंह के बंद घर का ताला तोड़कर बड़ी चोरी की थी. वहां से जेवर, नकदी, लैपटॉप और iPad सहित कई कीमती सामान चोरी किए गए थे. इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि इस गिरोह ने इलाके में कई अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया है. पुलिस ने इनके पास से चोरी के जेवर और अन्य सामान बरामद कर लिया है.