Lucknow में पेट्रोल पंप परिसर के रेस्टोरेंट में भीषण आग, AC कंप्रेसर फटने से मचा हड़कंप
Lucknow : राजधानी के खुर्रम नगर इलाके में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहाँ जगरानी अस्पताल के सामने एक पेट्रोल पंप परिसर में स्थित पंजाबी फ्लेवर्स फूड हब नामक रेस्टोरेंट में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भय
Lucknow : राजधानी के खुर्रम नगर इलाके में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहाँ जगरानी अस्पताल के सामने एक पेट्रोल पंप परिसर में स्थित पंजाबी फ्लेवर्स फूड हब नामक रेस्टोरेंट में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि 10 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में काफी दहशत फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, यह आग रेस्टोरेंट के AC कंप्रेसर में हुए एक जोरदार धमाके की वजह से लगी। धमाके के बाद आग तेजी से फैली और देखते ही देखते रेस्टोरेंट के अंदर रखा फर्नीचर और कीमती उपकरण जलकर राख हो गए। गनीमत यह रही कि समय रहते दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पा लिया। अगर आग पास में स्थित पेट्रोल पंप तक फैल जाती, तो यह एक बहुत बड़ी त्रासदी बन सकती थी। राहत और बचाव कार्य में SDRF की टीमों को भी लगाया गया था।
लखनऊ के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) ने पुष्टि की है कि आग पर पूरी तरह से नियंत्रण पा लिया गया है और इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। हालांकि, रेस्टोरेंट के अंदर रखे सामान का भारी नुकसान हुआ है।
अब इस मामले में एक नया मोड़ आया है। प्रशासन को शक है कि यह रेस्टोरेंट पेट्रोल पंप परिसर में अवैध रूप से चलाया जा रहा था। CFO ने बताया कि आग लगने के कारणों के साथ-साथ इस कैंटीन के संचालन की भी जांच की जाएगी। विभाग यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि बिना अनुमति के यह फूड हब यहाँ कैसे चल रहा था, क्योंकि कैंटीन और पेट्रोल पंप के बीच की दूरी महज 25-30 मीटर थी।