Lucknow में पुलिस के सामने फायरिंग, रेस्टोरेंट के कुक को लगी गोली, 3 साल पुरानी रंजिश में हुआ बवाल

Lucknow: राजधानी के पत्रकारपुरम चौराहे के पास रविवार शाम को दो गुटों के बीच जमकर मारपीट और गोलीबारी हुई. इस घटना में मनीष ईटिंग प्वाइंट में काम करने वाले कुक अखिलेश रावत को गोली लग गई. सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि

Lucknow: राजधानी के पत्रकारपुरम चौराहे के पास रविवार शाम को दो गुटों के बीच जमकर मारपीट और गोलीबारी हुई. इस घटना में मनीष ईटिंग प्वाइंट में काम करने वाले कुक अखिलेश रावत को गोली लग गई. सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद भी हमलावर दोबारा आए और अंधाधुंध फायरिंग कर दी.

जानकारी के मुताबिक यह पूरा विवाद अंकित राठौर और विष्णु स्वरूप द्विवेदी के बीच तीन साल पुरानी रंजिश की वजह से शुरू हुआ. विवाद की शुरुआत एक मॉडल शॉप और चाय की दुकान के पास हुई, जहां दोनों गुटों के बीच मारपीट और चाकूबाजी हुई. जब गोमती नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, तब भी अभय प्रताप सिंह और उसके साथी वहां दोबारा आए और ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं. एक गोली दीवार से टकराकर रोटी बना रहे कुक अखिलेश रावत की पीठ और कमर में जा लगी. घायल कुक को पहले निजी अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए लोहिया संस्थान भेजा गया, जहां उनकी हालत अब स्थिर है.

इस हिंसा के दौरान मौके पर खड़े आठ वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए. घटना से गुस्साए दुकानदारों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया, जिन्हें अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी अमोल मुर्कुट और पुलिस टीम ने कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके की मॉडल शॉप के पास अक्सर नशे में धुत लोग हंगामा और मारपीट करते रहते हैं.

पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर ली है और एक आरोपी प्रणव शुक्ला को हिरासत में ले लिया है. बाकी फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए तीन अलग-अलग पुलिस टीमें बनाई गई हैं. पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.