Lucknow के पंचमुखी हनुमान मंदिर से 10 किलो चांदी के मुकुट चोरी, 35 लाख रुपये का सामान गायब

Lucknow: राजधानी लखनऊ के महानगर इलाके में स्थित श्री संकट हरण पंचमुखी हनुमान मंदिर में बड़ी चोरी हुई है। चोर मंदिर से करीब 10 किलोग्राम चांदी के मुकुट और छत्र ले गए हैं, जिसकी कीमत लगभग 35 से 36 लाख रुपये बताई जा रही है।

Lucknow: राजधानी लखनऊ के महानगर इलाके में स्थित श्री संकट हरण पंचमुखी हनुमान मंदिर में बड़ी चोरी हुई है। चोर मंदिर से करीब 10 किलोग्राम चांदी के मुकुट और छत्र ले गए हैं, जिसकी कीमत लगभग 35 से 36 लाख रुपये बताई जा रही है। यह घटना रविवार रात 2 अगस्त और 3 अगस्त की दरमियानी रात करीब 2 बजे की है।

चोरों ने मंदिर में बड़ी चालाकी से हाथ साफ किया। वे पंचमुखी हनुमान की प्रतिमा के पांच चांदी के मुकुट और छत्र के साथ-साथ गणेश जी, राम, लक्ष्मण और सीता की प्रतिमाओं के मुकुट और छत्र भी चुरा ले गए। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि चोर सबूत मिटाने के लिए मंदिर में लगे CCTV कैमरों का DVR भी अपने साथ ले गए, जिससे पुलिस के पास वारदात का कोई वीडियो फुटेज नहीं है।

मंदिर के प्रबंधक प्रदीप कुमार शर्मा की शिकायत पर महानगर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और फॉरेंसिक टीम के साथ डॉग स्क्वायड ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच के लिए तीन अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सामान बरामद कर लिया जाएगा।

इस चोरी की घटना ने शहर के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गौरतलब है कि यह वारदात अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी होने के बाद सामने आई है। वहीं, अयोध्या मामले में SIT की जांच अब आखिरी चरण में है। मंगलवार 4 अगस्त को SIT बैंक लॉकर में रखी राम जन्मभूमि ट्रस्ट की सोने-चांदी की ईंटों और कीमती आभूषणों का भौतिक सत्यापन करेगी ताकि रिकॉर्ड से उनका मिलान किया जा सके।