Lucknow में बनेगा ODOC पार्क, एक ही जगह मिलेंगे यूपी के अलग-अलग शहरों के मशहूर व्यंजन

Lucknow: लखनऊ के गोमती नगर इलाके में जल्द ही खाने-पीने के शौकीनों के लिए एक खास जगह तैयार होने जा रही है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) विभूतिखंड में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन’ (ODOC) पार्क विकसित करने की तैयारी

Lucknow: लखनऊ के गोमती नगर इलाके में जल्द ही खाने-पीने के शौकीनों के लिए एक खास जगह तैयार होने जा रही है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) विभूतिखंड में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन’ (ODOC) पार्क विकसित करने की तैयारी में है। इस पार्क की खासियत यह होगी कि यहाँ उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के मशहूर और पारंपरिक पकवान एक ही छत के नीचे मिल सकेंगे।

परियोजना को लेकर जमीनी स्तर पर काम शुरू हो चुका है। मई 2026 में LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने प्रस्तावित जगह का जायजा लिया था और अधिकारियों को जल्द से जल्द विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए थे। काम में तेजी लाने के लिए लखनऊ नगर निगम से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) लेने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

यह पूरा पार्क करीब 8,000 वर्ग मीटर जमीन पर बनाया जाएगा। इसे दिल्ली हाट की तर्ज पर डिजाइन किया गया है, जहाँ 40 से ज्यादा फूड कियोस्क होंगे। इन कियोस्क में राज्य के विभिन्न जिलों से आए विक्रेता अपने शहर के खास व्यंजन बेचेंगे। इससे न केवल लोगों को अलग-अलग शहरों का स्वाद मिलेगा, बल्कि स्थानीय कारीगरों और छोटे विक्रेताओं को रोजगार के नए मौके भी मिलेंगे।

पार्क में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए बैठने की उचित व्यवस्था, हरियाली और साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखा जाएगा। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिन्हें प्रोजेक्ट को समय पर पूरा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।