Lucknow में फेसबुक पर लड़की बनकर ठगे 68 लाख, दिल्ली से नाइजीरियन गिरफ्तार
Lucknow/UP: सोशल मीडिया पर दोस्ती और फिर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। नाइजीरिया के एक शख्स ने फेसबुक पर लड़की बनकर लखनऊ के एक युवक को अपने जाल में फंसाया और उससे 68 लाख रुपये ठग लिए। यूपी एसटीएफ ने इस मामले में बड़
Lucknow/UP: सोशल मीडिया पर दोस्ती और फिर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। नाइजीरिया के एक शख्स ने फेसबुक पर लड़की बनकर लखनऊ के एक युवक को अपने जाल में फंसाया और उससे 68 लाख रुपये ठग लिए। यूपी एसटीएफ ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है।
यह पूरा मामला अगस्त 2025 से जनवरी 2026 के बीच चला। आरोपी ने ‘Doris William’ नाम से एक फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाई थी और खुद को इंग्लैंड की रहने वाली महिला बताया। उसने लखनऊ के दलिगंज इलाके के रहने वाले युवक से दोस्ती की और धीरे-धीरे उसका भरोसा जीत लिया। इसके बाद उसने युवक को महंगे तोहफे और विदेशी करेंसी भेजने का वादा किया।
एसटीएफ के एडिशनल एसपी विशाल विक्रम सिंह ने बताया कि ठगी को असली दिखाने के लिए आरोपी ने एक फर्जी RBS सर्टिफिकेट भी भेजा था। जब तोहफे भेजने की बारी आई, तो गैंग ने कस्टम और इनकम टैक्स अधिकारियों बनकर युवक से संपर्क किया और सामान क्लियर कराने के नाम पर पैसों की मांग शुरू कर दी। ठगी की रकम जमा करने के लिए किराए पर लिए गए भारतीय बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया था।
यूपी एसटीएफ ने 11 अगस्त 2026 को दिल्ली से 37 साल के नाइजीरियन नागरिक Nwogu Obed Osinachi को गिरफ्तार किया। वह 2022 में बिजनेस वीजा पर भारत आया था, लेकिन वीजा खत्म होने के बाद भी वह अवैध रूप से यहाँ रह रहा था। इस मामले में पहले ही दो अन्य नाइजीरियन नागरिकों, Uchenwa और Obase Prosper को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने आरोपी के पास से 11 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, पासपोर्ट, चार एटीएम कार्ड और कई स्क्रीनशॉट बरामद किए हैं। इन स्क्रीनशॉट में विदेशी महिलाओं की तस्वीरें और वीडियो थे, जिनका इस्तेमाल फर्जी प्रोफाइल बनाने के लिए किया जाता था। एसटीएफ अब आरोपी के बैंक खातों और डिजिटल वॉलेट की जांच कर रही है ताकि ठगी गई रकम का पता लगाया जा सके और इस गैंग के अन्य सदस्यों को पकड़ा जा सके।