Lucknow में NEET एडमिशन के नाम पर 5 लाख की ठगी, कंसल्टेंसी फर्म के 3 लोगों पर केस दर्ज
Lucknow: राजधानी लखनऊ में मेडिकल कॉलेज में दाखिला दिलाने के नाम पर एक परिवार से 5 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। ठगी का शिकार पश्चिम बंगाल के रहने वाले एक व्यक्ति हुए हैं, जिन्होंने लखनऊ की एक कंसल्टेंसी फर्म पर भ
Lucknow: राजधानी लखनऊ में मेडिकल कॉलेज में दाखिला दिलाने के नाम पर एक परिवार से 5 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। ठगी का शिकार पश्चिम बंगाल के रहने वाले एक व्यक्ति हुए हैं, जिन्होंने लखनऊ की एक कंसल्टेंसी फर्म पर भरोसा किया था। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी देते हुए बताया गया कि कानपुर के मूल निवासी और वर्तमान में पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर में रहने वाले संजीव कुमार वर्मा ने सरोजिनीनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी रितिषा वर्मा को NEET मेडिकल 2025 में एडमिशन दिलाने के बहाने उनसे पैसे लिए गए।
शिकायत के मुताबिक, ट्रांसपोर्ट नगर में स्थित ‘स्काई हाई एजुकेशन’ नाम की कंसल्टेंसी फर्म की रिसेप्शनिस्ट प्राची ने रितिषा को फोन किया था। उसने दावा किया कि उनकी संस्था MBBS और MD में एडमिशन दिलाने में मदद करती है। अप्रैल 2026 में रितिषा लखनऊ स्थित उनके ऑफिस गई, जहाँ संजय और विनय मौर्य ने उसे कॉलेजों और एडमिशन की प्रक्रिया के बारे में बताया।
आरोपियों ने रजिस्ट्रेशन और एडमिशन की प्रक्रिया के लिए एडवांस पैसों की मांग की, जिस पर संजीव कुमार वर्मा ने उनके खाते में 5 लाख रुपये जमा कर दिए। इसके बाद आरोपियों ने रजिस्ट्रेशन होने का दावा किया और फिर से और पैसों की मांग करने लगे। जब पैसे नहीं मिले, तो आरोपियों ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया।
पुलिस आयुक्त अमरेंद्र कुमार सेंगर के निर्देश पर सरोजिनीनगर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। इंस्पेक्टर राजदेव राम प्रजापति इस पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय में NEET परीक्षाओं से जुड़े कई बड़े घोटाले सामने आए हैं। हाल ही में 50 करोड़ रुपये के एक बड़े धोखाधड़ी मामले का खुलासा हुआ जिसमें कई राज्यों के डमी उम्मीदवार शामिल थे। इसके अलावा, हरियाणा में फर्जी पेपर बेचने और अहमदाबाद में रिफंड के पैसों की हेराफेरी जैसे मामले भी सामने आए हैं। नवंबर 2025 में लखनऊ पुलिस ने 100 करोड़ के नीट प्रवेश रैकेट के मास्टरमाइंड को भी गिरफ्तार किया था।