Lucknow में बिना नंबर की Thar ने बाइक को मारी टक्कर, 100 मीटर तक घसीटा; 2 आरोपी गिरफ्तार
Lucknow: राजधानी के नाका क्षेत्र में मंगलवार रात एक भयानक सड़क हादसा हुआ। डीएवी कॉलेज फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार बिना नंबर की महिंद्रा Thar ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक कार के अग
Lucknow: राजधानी के नाका क्षेत्र में मंगलवार रात एक भयानक सड़क हादसा हुआ। डीएवी कॉलेज फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार बिना नंबर की महिंद्रा Thar ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक कार के अगले हिस्से में फंस गई और करीब 100 मीटर तक घिसटती चली गई।
इस हादसे में बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में से एक की हालत काफी नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए थार में सवार दो युवकों को पकड़ लिया और उन्हें नाका पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, कार में सवार एक युवती और दो अन्य युवक भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस के मुताबिक थार में कुल पांच लोग सवार थे।
नाका थाना प्रभारी विवेक चौधरी ने बताया कि घायल युवक की अभी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस युवक के पास मिले सामान और बाइक के आधार पर उसकी शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और फरार लोगों की तलाश जारी है।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि गाड़ी बिना नंबर के कैसे चल रही थी। घटनास्थल के आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं, लेकिन एक फुटेज में गाड़ी का नंबर साफ नजर नहीं आ रहा है। पीड़ित पक्ष की तहरीर मिलने के बाद मामले में FIR दर्ज की जाएगी। फिलहाल क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर सड़क पर यातायात सामान्य कर दिया गया है।