Lucknow के नगराम में शराब ठेके से लाखों की चोरी, पिता-पुत्र गिरफ्तार; 1.11 लाख रुपये बरामद
UP/Lucknow: नगराम पुलिस ने करोरा गांव में अंग्रेजी शराब की दुकान में हुई लाखों की चोरी का मामला महज 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक पिता और उसके नाबालिग बेटे को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास स
UP/Lucknow: नगराम पुलिस ने करोरा गांव में अंग्रेजी शराब की दुकान में हुई लाखों की चोरी का मामला महज 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक पिता और उसके नाबालिग बेटे को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी के पैसे और वारदात में इस्तेमाल किया गया सरिया भी बरामद हुआ है।
यह घटना 19-20 जुलाई की रात को हुई थी। प्रतापगढ़ के दिनेश कुमार सिंह की करोरा में कंपोजिट अंग्रेजी शराब की दुकान है, जहाँ से करीब 1.44 लाख रुपये चोरी हुए थे। दुकान के शटर को लोहे की सरिया से तोड़कर इस चोरी को अंजाम दिया गया था।
नगराम पुलिस के इंस्पेक्टर अंजनी कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने करीब 30-40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिरों की मदद ली। जांच में पता चला कि आरोपी राघवेंद्र कश्यप की दुकान शराब ठेके के बिल्कुल बगल में है। उसका 16 साल का बेटा अक्सर ठेके पर आता-जाता था, जिससे उन्हें गल्ले में रखे पैसों की पूरी जानकारी थी।
पुलिस ने 22 जुलाई को कार्रवाई करते हुए राघवेंद्र कश्यप और उसके बेटे को पकड़ लिया। इनके पास से 1.11 लाख रुपये नकद और लोहे की सरिया बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने पूरी योजना बनाकर चोरी की थी, लेकिन तकनीकी जांच और सीसीटीवी के आधार पर उन्हें दबोच लिया गया। गिरफ्तार राघवेंद्र के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है, जबकि नाबालिग बेटे को संरक्षण में लिया गया है।