Lucknow में दृष्टिबाधित छात्रों के लिए AI और बुकशेयर कार्यशाला शुरू, तकनीक से सशक्त होंगे विद्यार्थी

Lucknow: राजधानी लखनऊ के बुद्धेश्वर स्थित पारा में दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए एक खास दो दिवसीय कार्यशाला शनिवार, 8 अगस्त 2026 से शुरू हुई है। इस कार्यक्रम का आयोजन नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड (NAB) यूपी स्टेट ब्रा

Lucknow: राजधानी लखनऊ के बुद्धेश्वर स्थित पारा में दृष्टिबाधित विद्यार्थियों के लिए एक खास दो दिवसीय कार्यशाला शनिवार, 8 अगस्त 2026 से शुरू हुई है। इस कार्यक्रम का आयोजन नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड (NAB) यूपी स्टेट ब्रांच द्वारा किया जा रहा है। इस कार्यशाला का मुख्य मकसद दृष्टिबाधित छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और बुकशेयर जैसी आधुनिक तकनीकों के बारे में जानकारी देना और उन्हें इसका इस्तेमाल सिखाना है।

इस पहल के जरिए छात्रों को डिजिटल दुनिया से जोड़ने की कोशिश की जा रही है ताकि वे अपनी पढ़ाई और रोजमर्रा के कामों में तकनीक की मदद ले सकें। इससे पहले 4 अगस्त को NAB इंडिया मुंबई ने राजकीय स्पर्श बालक इंटर कॉलेज, लखनऊ में कक्षा 9 से 12 तक के करीब 25 छात्रों के लिए एक डिजिटल ट्रेनिंग प्रोग्राम भी चलाया था। उस दौरान छात्रों को गूगल लुकआउट, जेमिनी एआई, चैटजीपीटी और मनी ऐप जैसे उपयोगी ऐप्स का प्रैक्टिकल प्रशिक्षण दिया गया था।

NAB इंडिया के आईटी ट्रेनर शैलेश बटुलवार ने विद्यार्थियों को एनएबी वाणी ऐप और ईपीयूबी संसाधनों की जानकारी दी। संस्था के अध्यक्ष डॉ. विमल कुमार डेंगला ने बताया कि ऐसे ऑनलाइन और ऑफलाइन ट्रेनिंग प्रोग्राम आगे भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। NAB इंडिया के मानद सचिव गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने भी छात्रों को इन सुविधाओं का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

बता दें कि नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड साल 1979 से ही दृष्टिबाधित लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम कर रहा है। संस्था उन्हें शिक्षा, स्किल ट्रेनिंग और ब्रेल व ऑडियोबुक जैसे सुलभ फॉर्मेट में पढ़ाई की सामग्री उपलब्ध कराती है ताकि वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।