Lucknow: विधायक डॉ राजेश्वर सिंह ने जाना बीमार कार्यकर्ताओं का हाल, जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई का उठाया जिम्मा
Lucknow: सरोजनीनगर के विधायक डॉ राजेश्वर सिंह ने गुरुवार को अपने क्षेत्र में दिनभर जनसम्पर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने बीमार कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों की मदद का भरोसा
Lucknow: सरोजनीनगर के विधायक डॉ राजेश्वर सिंह ने गुरुवार को अपने क्षेत्र में दिनभर जनसम्पर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने बीमार कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और आर्थिक तंगी के कारण पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों की मदद का भरोसा दिया। विधायक ने स्पष्ट किया कि राजनीति सिर्फ चुनाव जीतने के लिए नहीं, बल्कि मुश्किल समय में लोगों के काम आने की जिम्मेदारी है।
अभियान के दौरान डॉ राजेश्वर सिंह अर्जुनगंज के सरस्वती इलाके में पहुंचे, जहां उन्होंने कैंसर से जूझ रहे पूर्व मंडल अध्यक्ष राजकुमार रोहित का हाल जाना। विधायक ने उनके इलाज में हर संभव मदद का वादा किया और उनके दोनों बच्चों की एक साल की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने की घोषणा की। उन्होंने विशेष रूप से रोहित की बेटी को डॉक्टर बनने के उसके सपने को पूरा करने में सहयोग देने का आश्वासन दिया।
इसी तरह अर्जुनगंज की रिद्धि गौतम, जिसने पैसों की कमी की वजह से स्कूल जाना छोड़ दिया था, उसे विधायक ने दो दिन के भीतर दोबारा स्कूल में दाखिला दिलाने और फीस जमा कराने का भरोसा दिया। इसके अलावा उन्होंने बीमार भाजपा मंडल उपाध्यक्ष अपर्णा भारती से मुलाकात की और एक बूथ अध्यक्ष के क्षतिग्रस्त मकान में कमरा बनवाने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की।
स्वास्थ्य सेवाओं और आर्थिक मदद पर ध्यान देते हुए डॉ राजेश्वर सिंह ने हृदय रोग से पीड़ित एक नागरिक के इलाज के लिए विधायक निधि से 1.75 लाख रुपये देने का आश्वासन दिया। साथ ही एक बुजुर्ग महिला के बेहतर इलाज के लिए जरूरी निर्देश जारी किए।
विधायक ने शोक संतप्त परिवारों से भी मुलाकात की। उन्होंने वरिष्ठ पत्रकार नीरज श्रीवास्तव के तेरहवीं कार्यक्रम में और अमौसी निवासी स्वर्गीय सत्य कुमार अवस्थी के परिवार से मिलकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने लखनऊ महानगर अल्पसंख्यक मोर्चा के महासचिव शेर अली की माता अकबरी देवी के निधन पर भी उनके निवास जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
जनसम्पर्क के साथ-साथ डॉ राजेश्वर सिंह ने सरोजनी नगर में आयोजित भाजपा बूथ सम्मेलन में भी हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में एमएलसी गोविंद नारायण शुक्ला, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी और जिला अध्यक्ष विजय मौर्य समेत कई पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।