Lucknow में जमीन विवाद को लेकर लोकभवन के बाहर आत्मदाह का प्रयास, चाचा-भतीजा हिरासत में

Lucknow: राजधानी लखनऊ के लोकभवन के बाहर शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब दो लोगों ने आत्मदाह की कोशिश की। दुबग्गा के लीलाखेड़ा कटौली गांव के रहने वाले राम गणेश और उनके भतीजे सतीश कुमार गौतम ने गेट नंबर-9 के सामने यह

Lucknow: राजधानी लखनऊ के लोकभवन के बाहर शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब दो लोगों ने आत्मदाह की कोशिश की। दुबग्गा के लीलाखेड़ा कटौली गांव के रहने वाले राम गणेश और उनके भतीजे सतीश कुमार गौतम ने गेट नंबर-9 के सामने यह कदम उठाने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें समय रहते पकड़ लिया और एक बड़ा हादसा टल गया।

पीड़ितों का आरोप है कि साल 2020 से उनकी पैतृक जमीन पर परिवार के ही सुनील और कुछ अन्य दबंगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। उनका कहना है कि पिछले छह सालों से वे न्याय के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने जिलाधिकारी (DM), उप-जिलाधिकारी (SDM) और मलिहाबाद पुलिस के दफ्तरों के कई चक्कर लगाए, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई सुनवाई नहीं हुई। इसी हताशा में उन्होंने लोकभवन पहुंचकर आत्मदाह का रास्ता चुना।

घटना के बाद हजरतगंज पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है। एसीपी हजरतगंज रजनीश वर्मा ने बताया कि 8 जुलाई को लेखपाल ने जमीन की पैमाइश की थी, जिसमें इनका हिस्सा नहीं निकला था। साथ ही मलिहाबाद तहसील में उनका मामला पहले ही खारिज हो चुका है। पुलिस का मानना है कि दोनों किसी के बहकावे में आकर अधिकारियों पर दबाव बनाने के लिए ऐसा करने पहुंचे थे।

इस मामले में हेड कांस्टेबल जय प्रकाश शुक्ला की तहरीर पर हजरतगंज थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ उकसाने का केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि उन्हें किसने भड़काया था। साथ ही उच्चाधिकारियों और मलिहाबाद तहसील प्रशासन को सूचित कर दिया गया है ताकि जमीन विवाद का सही निस्तारण हो सके।