Lucknow में बनेगा सेना का वॉर म्यूजियम और कन्वेंशन सेंटर, मेट्रो के लिए भी मिलेगी जमीन
UP/Lucknow : लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की आने वाली बोर्ड बैठक में शहर के विकास से जुड़ी बड़ी योजनाओं पर मुहर लग सकती है। इसमें गोमती नगर के नेहरू इन्क्लेव में सेना का वॉर म्यूजियम और बसंतकुंज में मेट्रो यार्ड जैसी महत्व
UP/Lucknow : लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की आने वाली बोर्ड बैठक में शहर के विकास से जुड़ी बड़ी योजनाओं पर मुहर लग सकती है। इसमें गोमती नगर के नेहरू इन्क्लेव में सेना का वॉर म्यूजियम और बसंतकुंज में मेट्रो यार्ड जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं, जिससे शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
नेहरू इन्क्लेव में लगभग 125 करोड़ रुपये की लागत से सेना का वॉर म्यूजियम और एक विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर बनाया जाएगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की इस पहल पर LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि शासन स्तर पर बैठक हो चुकी है। इस योजना के तहत सेना अपनी 33.97 एकड़ जमीन LDA को देगी। इसमें से 12.87 एकड़ में म्यूजियम और कन्वेंशन सेंटर बनेगा, जबकि 14 एकड़ जमीन को ग्रीन बेल्ट के तौर पर विकसित किया जाएगा। बाकी बची 7.10 एकड़ जमीन पर कमर्शियल प्लॉट काटकर बेचे जाएंगे, जिससे म्यूजियम बनाने का खर्च निकाला जाएगा। यह पूरा प्रोजेक्ट सेना और LDA के बीच 20 साल पुराने जमीन विवाद के निपटारे के बाद संभव हो पाया है।
वहीं, लखनऊ मेट्रो के दूसरे चरण के लिए बसंतकुंज में जमीन देने की तैयारी है। LDA बसंतकुंज योजना के सेक्टर-ए में मेट्रो कास्टिंग यार्ड और अस्थायी डिपो के लिए लगभग 30.88 एकड़ (12.5 हेक्टेयर) जमीन उपलब्ध कराएगा। LDA उपाध्यक्ष के मुताबिक, इस प्रक्रिया में उन 272 लोगों के हितों का ध्यान रखा गया है जिन्हें लॉटरी से प्लॉट मिले थे, उनके प्लॉट इस डिपो वाली जमीन से अलग रखे गए हैं। यूपी मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) ने इस जमीन की मांग पहले ही कर ली थी ताकि ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर का काम आगे बढ़ सके।