Lucknow LDA मुख्यालय में हंगामा, अवैध निर्माण की शिकायत लेकर पहुंचे दो युवक हिरासत में

Lucknow: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के दफ्तर में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो युवक अवैध निर्माण की शिकायत लेकर पहुंचे और सचिव के कार्यालय के बाहर शोर-शराबा करने लगे। हंगामा बढ़ता देख मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मि

Lucknow: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के दफ्तर में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो युवक अवैध निर्माण की शिकायत लेकर पहुंचे और सचिव के कार्यालय के बाहर शोर-शराबा करने लगे। हंगामा बढ़ता देख मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और पुलिस ने तुरंत दखल दिया और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर LDA चौकी पहुंचा दिया।

जानकारी के मुताबिक, विरोध करने वाले युवकों की पहचान गोमतीनगर के विनय खंड निवासी पद्म देव पांडेय और सेक्टर-4 निवासी साइमन ली के रूप में हुई है। इन युवकों का कहना था कि उन्होंने करीब एक हफ्ते पहले इलाके में हो रहे एक अवैध निर्माण के खिलाफ जनहित में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन प्रशासन की तरफ से कोई एक्शन नहीं लिया गया। इसी बात से नाराज होकर वे LDA सचिव विवेक श्रीवास्तव के दफ्तर पहुंचे थे, जहां उनकी बहस LDA कर्मचारी दुर्गेश से हो गई और मामला हंगामे तक पहुंच गया।

इस मामले में पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए गए दोनों युवक नशे की हालत में लग रहे थे, हालांकि युवकों ने इस बात को पूरी तरह गलत बताया और अपनी मेडिकल जांच कराने की बात कही। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

बता दें कि लखनऊ में अवैध निर्माणों को लेकर LDA इन दिनों काफी सख्त है। इससे पहले 22 जून 2026 को अलीगंज की एक अवैध कमर्शियल बिल्डिंग में आग लगने से 15 लोगों की मौत हो गई थी, जिसके बाद प्रशासन ने कई अवैध इमारतों पर कार्रवाई की और कुछ अधिकारियों को सस्पेंड भी किया। LDA सचिव विवेक श्रीवास्तव भी अलीगंज हादसे के बाद ध्वस्तीकरण के आदेशों में शामिल रहे हैं। गौरतलब है कि दो साल पहले LDA ने हाईकोर्ट को बताया था कि लखनऊ शहर में 10,000 से ज्यादा अवैध निर्माण मौजूद हैं।